मुजफ्फरनगर में घर के अंदर चल रहा था अस्पताल: स्वास्थ्य विभाग ने सील किया आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर, गर्भवती के इलाज में लापरवाही पर कार्रवाई

0
3

मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर के शेरनगर स्थित आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हॉस्पिटल को सील कर दिया। यहां गर्भवती महिला के इलाज में लापरवाही बरतने और गर्भ में बच्चे की मौत होने के आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार ने 20 नवंबर को DM से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा जांच के लिए बोर्ड गठित किया। अब सेंटर को सील कर दिया गया है और जांच बोर्ड से तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है।

परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया

पीड़ित परिवार के रंजीत सिंह ने बताया कि उनकी पुत्रवधू को 10 नवंबर को इलाज के लिए आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर लाया गया था। उनके अनुसार, सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक महिला का उपचार किया गया। इस दौरान दवाइयां दी गईं, लेकिन महिला की हालत में सुधार होने के बजाय परेशानी बढ़ती गई। रंजीत सिंह का आरोप है कि महिला को दौरे पड़े, उसकी बच्चेदानी खराब हो गई और गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई। उनका कहना है कि यदि सेंटर में महिला का उपचार संभव नहीं था तो परिवार को पहले ही बता देना चाहिए था, ताकि उसे दूसरे अस्पताल ले जाया जा सकता।

ऑनलाइन भुगतान के बावजूद इलाज से इनकार का आरोप

रंजीत सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि सेंटर की ओर से महिला के वहां आने से इनकार किया जा रहा है, जबकि इलाज के लिए पांच हजार रुपये ऑनलाइन जमा कराए गए थे। परिवार ने इस मामले में न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

तीन दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अशोक ने बताया कि शेरनगर में आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर के नाम से घर के अंदर एक छोटा हॉस्पिटल संचालित किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत में महिला की डिलीवरी के बाद उसे मेरठ ले जाने और वहां बच्चे की मौत होने की बात भी सामने आई थी। पहले हुई जांच से शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं थे, जिसके बाद दोबारा जांच के लिए बोर्ड गठित किया गया है।

जांच बोर्ड में आयुर्वेद विभाग के अधिकारी भी शामिल

उन्होंने बताया कि संबंधित डॉक्टर आयुर्वेद में पंजीकृत हैं। इसलिए जांच बोर्ड में आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। बोर्ड से तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि महिला को कौन-सी दवाइयां दी गईं और इलाज किस पद्धति से किया गया। अधिकारी ने कहा कि घर के एक कमरे में इस तरह हॉस्पिटल संचालित करना गलत है।

भर्ती और ओपीडी के साक्ष्य मांगे

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के मुताबिक, एलोपैथी में पंजीकृत डॉक्टरों के खिलाफ सीएमओ कार्यालय और आयुर्वेदिक चिकित्सकों के खिलाफ आयुर्वेद विभाग कार्रवाई करता है। पहले की जांच रिपोर्ट में मरीज के भर्ती होने या ओपीडी में दिखाने से संबंधित साक्ष्य नहीं मिलने की बात सामने आई थी। अधिकारी ने परिवार से ऑनलाइन भुगतान का रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य जांच बोर्ड के सामने प्रस्तुत करने को कहा है।

सेंटर सील, रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने आशीर्वाद मेडीकेयर सेंटर को सील कर दिया है। तीन दिन में जांच रिपोर्ट आने के बाद उपचार में लापरवाही और सेंटर के संचालन से जुड़े आरोपों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

Reported By: Rohit  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here