27 दिनों में 38,465 नए मतदाता जुड़े, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में तेजी से बढ़ा नामांकन

0
2

मथुरा: विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की मंडलायुक्त आगरा नगेन्द्र प्रताप ने समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं समेत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक युवाओं के फॉर्म-6 भरवाए जाएं।

बीएलए से मतदाता सूची पुनरीक्षण में सहयोग की अपील

कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अभियान की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करने और मतदाता सूची के पुनरीक्षण में सहयोग करने की अपील की। कहा कि बीएलए अपने-अपने बूथों पर पात्र और छूटे हुए मतदाताओं की पहचान कर उनका नाम सूची में शामिल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बीएलओ और बीएलए को आपसी समन्वय, सहयोग और पारदर्शिता के साथ काम करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई पात्र मतदाता छूटने न पाए।

27 दिनों में 38,465 फॉर्म-6 प्राप्त

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था। इसके बाद से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य जारी है। 17 से 27 नवंबर तक जिले में 38,465 फॉर्म-6, 1,931 फॉर्म-7 और 4,850 फॉर्म-8 प्राप्त हुए हैं। विशेष अभियान दिवस को ‘यूथ ऑन बूथ’ के रूप में मनाया जा रहा है। जिले के सभी 2,263 बूथों पर बीएलओ की मौजूदगी में फॉर्म-6, 7 और 8 भरवाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय अधिकारियों को 20-20 बूथ आवंटित किए गए हैं। अधिकारी आज और कल बूथों का निरीक्षण कर अधिक से अधिक पात्र युवाओं के फॉर्म-6 भरवाएंगे। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कैंपों की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारियों को सौंपी गई है।

राजनीतिक दलों ने अभियान की निष्पक्षता पर जताया संतोष

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अभियान की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि पुनरीक्षण का कार्य निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने मतदाता सूची को अद्यतन, समावेशी और त्रुटिरहित बनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त विवेक कुमार यादव, एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर अखिलेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खंडेलवाल सहित सपा से वीरेंद्र यादव और प्रदीप चौधरी, भाजपा से आकाश चौधरी, कांग्रेस से बलवीर प्रधान और अशोक कुमार श्रीवास्तव, बसपा से मुनेन्द्र सिंह निगम, माकपा से सुरेश कुमार आर्य तथा आम आदमी पार्टी से भगत सिंह और भोजराज सुमन मौजूद रहे।

 

Reported By: Prem Kaushik 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here