नई दिल्ली: नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद खाने को लेकर बड़ा फैसला किया है, अब कंपनियों को पैकेट के सामने ही चेतावनी वाला लेबल लगाना होगा। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में मौजूद हानिकारक तत्वों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश जारी किया है। कोर्ट ने खाने-पीने की पैकेट वाली चीजों पर वॉर्निंग लेबल लगाने को कहा है। ताकि उपभोक्ताओं को यह पता चल सके कि वह जिस चीज का सेवन कर रहे हैं, उसका उनकी सेहत पर क्या असर पड़ेगा।
अक्सर लोग पैकेट के पीछे छोटे अक्षरों में लिखी जानकारी को पढ़ नहीं पाते। इसी वजह से कोर्ट ने कहा है कि जरूरी जानकारी पैकेट के अगले हिस्से पर साफ-साफ दिखनी चाहिए। इससे खरीदते समय ही लोगों को पता चल जाएगा कि उस चीज में चीनी, नमक या फैट कितना ज्यादा है।
FSSAI को सख्त नियम बनाने के निर्देश
जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से कहा है कि फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) नियमों को सख्त किया जाए। कोर्ट ने साफ निर्देश दिया कि पैकेट के अगले हिस्से पर एडेड शुगर और एडेड फैट के बजाय टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट को नमक के साथ चिंताजनक पोषक तत्वों के रूप में दर्शाया जाना चाहिए। पीठ ने आगे कहा कि FSSAI को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि FoPNL में एडेड शुगर और एडेड फैट के बजाय टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट को नमक के साथ-साथ मुख्य चिंता वाले पोषक तत्वों के रूप में माना जाए।
छह कोनों वाला होगा हर निशान
कोर्ट के निर्देश के मुताबिक हर निशान छह कोनों वाला होगा। उसमें संबंधित चीज की तस्वीर के साथ उसके बगल में हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट जैसे शब्द लिखने के निर्देश दिए गए हैं। यह निशान देखने में आसान होगा और आम आदमी भी इसे समझ सकेगा। यह उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ खरीदते समय सही फैसला लेने और स्वस्थ खान-पान के विकल्प चुनने में मदद कर सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से बच्चों में मोटापा, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों को रोकने में मदद मिलेगी। पैकेटबंद खाने का चलन बढ़ने के साथ ही ऐसी बीमारियां भी तेजी से बढ़ रही हैं।
मौजूदा नियमों को सख्ती से लागू करने का आदेश
न्यायालय ने केंद्र सरकार को यह भी निर्देश दिया कि वह यह सुनिश्चित करे कि खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग और प्रदर्शन) विनियम, 2020 सहित मौजूदा विनियमों को अक्षरशः और भावना के साथ सख्ती से लागू किया जाए। कोर्ट का मानना है कि सिर्फ नियम बनाना काफी नहीं है, उनका पालन भी होना चाहिए। अगर कंपनियां नियमों का पालन नहीं करती हैं, तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस फैसले के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बाजार में मिलने वाले चिप्स, बिस्कुट, कोल्ड ड्रिंक, इंस्टेंट नूडल्स और दूसरे पैकेटबंद खाने पर सामने से ही चेतावनी दिखने लगेगी। इससे लोग सोच-समझकर खरीदारी कर सकेंगे और सेहतमंद खाने को चुन सकेंगे।












