चीन के साथ अंतरिक्ष की उड़ान भरेंगे जीशान अली, कौन हैं पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट?

0
3

नई दिल्ली: जीशान के साथ खुर्रम दाऊद का भी चयन हुआ था, लेकिन अंतिम रूप से जीशान को ही चुना गया। दोनों की ट्रेनिंग चीन में पूरी हुई। वहां जीशान ने चीनी भाषा सीखी और जीरो ग्रेविटी की प्रैक्टिस की। उन्होंने कठिन शारीरिक प्रशिक्षण के साथ अंतरिक्ष यान के सिस्टम को समझा, जो मिशन के दौरान काम आएगा।

जीशान पेलोड एक्सपर्ट के तौर पर गए हैं। अब तक चीन ने बाहरी लोगों के लिए अपने दरवाजे बंद रखे थे, लेकिन अब पाकिस्तान के लिए खोल दिए हैं। इस वजह से जीशान चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले पाकिस्तानी यात्री बने। चीन की अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार सभी अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित हैं और लॉन्च मिशन सफल रहा। जीशान ने कहा कि इस ऐतिहासिक मिशन का हिस्सा बनना उनके लिए सिर्फ निजी उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का मौका भी है। उन्होंने कहा कि वो पाकिस्तान के लोगों के सपनों को अपने साथ अंतरिक्ष में ले जा रहे हैं।

पेशे से लड़ाकू विमान पायलट हैं

पेशे से लड़ाकू विमान पायलट होने के बावजूद जीशान को कठिन शारीरिक और तकनीकी प्रशिक्षण से गुजरना पड़ा। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष यान के सभी स्विच, सॉफ्टवेयर, प्रोग्राम और आवाज के जरिए की जाने वाली घोषणाएं चीनी भाषा में होंगी। इस वजह से उन्हें रोजमर्रा की चीनी भाषा के साथ-साथ तकनीकी शब्दावली भी याद करनी पड़ी। जीशान अपने चीनी साथी अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे सहयोगी मिले हैं, जो उनकी राय का सम्मान करते हैं।

किन प्रयोगों में होंगे शामिल?

पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी सुपारको को देश के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से 300 से अधिक प्रस्ताव मिले थे। इनमें से चार प्रयोगों को चीनी विशेषज्ञों ने इस मिशन के लिए चुना। जीशान जिन प्रयोगों में शामिल होंगे, उनमें मुख्य रूप से बायो टेक्नोलॉजी से जुड़े काम हैं। इनका मुख्य काम खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और भविष्य में अंतरिक्ष की खोज से जुड़े क्षेत्रों में नई जानकारी हासिल करना होगा। जीशान के लिए अंतरिक्ष में हलाल खाने की व्यवस्था की गई है।

पाकिस्तान को क्यों चाहिए चीन की मदद?

पाकिस्तान के पास इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने के लिए अपना मानव अंतरिक्ष यान या रॉकेट नहीं है। इस वजह से उसे चीन पर निर्भर रहना पड़ रहा है। चीन का लक्ष्य 2030 तक अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर उतारना है। इसके लिए उसने 2022 में अपने तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण पूरा कर लिया था। जीशान अली चीनी दल के दो सदस्यों के साथ पृथ्वी पर वापस आएंगे। वहीं दल का तीसरा सदस्य करीब एक साल तक स्टेशन पर रहेगा और मानव शरीर पर लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने के असर का अध्ययन करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here