नई दिल्लीः छठ पूजा का त्योहार आते ही घरों में प्रसाद और पकवान बनाने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में हर रस्म और प्रसाद का अपना खास महत्व होता है। खासतौर पर खरना के दिन बनने वाली गुड़ और चावल की रसिया खीर को बड़े श्रद्धाभाव से तैयार किया जाता है। व्रती इस प्रसाद को भगवान सूर्य और छठी मैया को अर्पित करते हैं और इसके बाद खरना का प्रसाद ग्रहण करते हैं। सामान्य चीनी वाली खीर से इसका स्वाद थोड़ा अलग होता है। गुड़ की मिठास और चावल की खुशबू इसे खास बनाती है। हालांकि, कई बार खीर में गुड़ डालते ही दूध फट जाता है। ऐसे में कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप स्वादिष्ट और गाढ़ी रसिया खीर बना सकते हैं यहां जाने आसान तरीका।
रसिया खीर बनाने के लिए सामग्री
गुड़ वाली रसिया खीर बनाने के लिए सबसे पहले सभी सामग्री सही मात्रा में इकट्ठा कर लें, ताकि खीर बनाते समय किसी चीज की कमी न हो। इसके लिए आपको चाहिए होगा,आधा कप बासमती या छोटे दाने वाले गोविंदभोग चावल। चावल छोटे दाने वाले हों तो खीर का स्वाद और बनावट दोनों अच्छी आती है। इसके अलावा एक लीटर फुल क्रीम दूध लें, जिससे खीर गाढ़ी और मलाईदार बनेगी।
मिठास के लिए तीन-चौथाई कप कद्दूकस किया हुआ गुड़ या गुड़ का पाउडर इस्तेमाल करें। गुड़ की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार थोड़ी कम या ज्यादा रख सकते हैं। खीर का स्वाद और बेहतर बनाने के लिए दो से तीन बड़े चम्मच कटे हुए काजू, बादाम, किशमिश भी रख लें, और खुशबू के लिए आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर भी साथ में रख लें।
इस तरह तैयार करें गुड़ वाली खीर
सबसे पहले चावल को दो से तीन बार पानी से अच्छी तरह धो लें और करीब 20 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। अब एक भारी तले वाले बर्तन में दूध और थोड़ा पानी डालकर उबालें। दूध में उबाल आने पर इसमें भीगे हुए चावल डाल दें। अब धीमी आंच पर खीर को पकने दें। बीच-बीच में इसे चलाते रहें, ताकि चावल नीचे चिपके नहीं और दूध बर्तन में न लगे। जब चावल अच्छी तरह नरम हो जाएं और दूध गाढ़ा होने लगे, तो समझ लें कि खीर तैयार होने वाली है।
दूसरी तरफ एक छोटे पैन में गुड़ और आधा कप पानी डालकर गर्म करें। गुड़ पूरी तरह घुल जाए तो गैस बंद कर दें। अब इस घोल को छन्नी से छान लें, जिससे गुड़ में मौजूद मिट्टी या दूसरी अशुद्धियां निकल जाएं। इसके बाद इसे तोड़ी देर ठंडा होने दें।
दूध फटने से बचने के लिए अपनाएं ये ट्रिक
रसिया खीर बनाते समय सबसे जरूरी बात गुड़ और दूध का तापमान होता है। कभी भी उबलती खीर में गर्म गुड़ का घोल न डालें। खीर को गैस से उतारकर थोड़ा ठंडा करें और गुड़ के घोल को भी पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद दोनों को धीरे-धीरे मिलाएं। गुड़ डालने के बाद खीर को तेज आंच पर दोबारा न उबालें, क्योंकि इससे दूध फटने का खतरा रहता है।
आखिर में खीर में इलायची पाउडर, कटे हुए काजू, बादाम, किशमिश और चिरौंजी डालकर अच्छी तरह मिला लें। इस तरह आपकी पारंपरिक गुड़ वाली रसिया खीर तैयार है। इसे छठ पूजा के खरना प्रसाद के रूप में श्रद्धा के साथ परोसें।












