डिजिटल करेंसी का खेल, 55 लाख की ठगी का पर्दाफाश; ट्रस्ट वॉलेट हैक कर उड़ाए रुपये

0
16

नई दिल्ली: क्रिप्टोकरेंसी में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये हड़पने वाले साइबर ठगों के गिरोह का दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यूएसडीटी खरीदने के बहाने कारोबारी को 55 लाख रुपये का चूना लगाने वाले इस शातिर गिरोह के पांच सदस्यों को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है। गिरोह चार स्तरों पर काम करता था। कोई सिम कार्ड उपलब्ध कराता था, कोई विदेशी व्हाट्सऐप नंबर चलाता था, कोई ग्राहक को जाल में फंसाता था तो कोई नकदी लेकर फरार हो जाता था।

ऐसे बिछाया जाल

साउथ ईस्ट जिला पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एडिशनल डीसीपी 1 उत्कर्ष ने बताया कि आरोपी रितिक चावला खुद को कृष्णा अग्रवाल बताकर शिकायतकर्ता राहुल के संपर्क में आया और उसे क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर आकर्षक मुनाफे का लालच दिया। भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने पहले उसके ट्रस्ट वॉलेट में 10 यूएसडीटी भेजे। इसके बाद तीन अक्टूबर को करीब 36 हजार यूएसडीटी का सौदा 36 लाख रुपये नकद में किया गया। आरोपियों ने इस सौदे में करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान उठाकर भी पीड़ित का विश्वास जीत लिया।

मिनटों में गायब हुई रकम

चार अक्टूबर को 55 हजार यूएसडीटी खरीदने के लिए दूसरी मुलाकात अमर कॉलोनी में तय हुई। शिकायतकर्ता 55 लाख रुपये नकद लेकर पहुंचा। आरोपियों ने उसके ट्रस्ट वॉलेट में 55 हजार यूएसडीटी ट्रांसफर किए और नकदी अपने कब्जे में ले ली। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद पहले से हासिल वॉलेट की पहुंच का दुरुपयोग कर पूरी डिजिटल करेंसी वापस निकाल ली। सौरभ उर्फ छोटू और प्रशांत 55 लाख रुपये से भरा बैग लेकर स्कूटी से फरार हो गए। बाद में नकदी बुराड़ी में रितिक को सौंप दी गई।

चार स्तरों पर गिरोह

जांच में सामने आया कि ओमप्रकाश सिम कार्ड उपलब्ध कराता था, अमन उन्हें आगे पहुंचाता था और रितिक चावला तथा गौरव राणा गिरोह की साजिश को अंजाम देते थे। सौरभ उर्फ छोटू, शिवम और प्रशांत मौके पर पहुंचकर नकदी लेने का काम करते थे। आरोपियों ने अमर कॉलोनी क्षेत्र में किराये के अल्पकालिक आवास में ठहरकर संभावित शिकार से मुलाकात और वारदात की योजना बनाई थी।

पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने ओमप्रकाश निवासी फरीदाबाद, अमन निवासी रोहिणी, रितिक चावला निवासी गाजियाबाद, गौरव राणा निवासी मेरठ और सौरभ उर्फ छोटू निवासी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गौरव राणा गिरोह का सरगना है। अमन के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें बांग्लादेशी व्हाट्सऐप अकाउंट चलाने वाला फोन भी शामिल है। गौरव के पास से तीन मोबाइल फोन और सौरभ के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है।

स्पेशल स्टाफ की बड़ी कामयाबी

यह कार्रवाई दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने की। अमर कॉलोनी थाने में एफआईआर संख्या 0372/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4)/3(5) में मामला दर्ज है। पुलिस गिरोह के अन्य संपर्कों, डिजिटल लेन-देन और ठगी की रकम के नेटवर्क की जांच कर रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here