नई दिल्ली: पंजाब में दहशत फैलाने और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश रचने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई की है। अमेरिका से निर्वासित होकर भारत पहुंचे खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) समर्थक सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल को एनआईए ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया। अमेरिकी अधिकारियों ने भारत सरकार के साथ समन्वय के बाद उसे निर्वासित किया था।
शंभू-राजपुरा रेलवे विस्फोट से जुड़ा मामला
यह मामला 27 अप्रैल 2026 को पंजाब में शंभू और राजपुरा रेलवे स्टेशनों के बीच समर्पित माल गलियारा निगम (डीएफसीसीआईएल) की रेलवे लाइन के किलोमीटर संख्या 1174-5 पर हुए विस्फोट से जुड़ा है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस धमाके के पीछे केजेडएफ की आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और पंजाब में अशांति फैलाने की साजिश थी।
फेसबुक वीडियो से खुली भूमिका
जांच में सामने आया कि विस्फोट के बाद सुरिंदर सिंह ने फेसबुक पर वीडियो साझा कर वारदात का महिमामंडन किया और साजिश में शामिल आरोपियों का समर्थन किया। इनमें विस्फोट को अंजाम देते समय मारे गए जग रूप सिंह का नाम भी शामिल था। उसने प्रतिबंधित आतंकी संगठन केजेडएफ को कौमी संगठन बताया और नामित आतंकवादी रंजीत सिंह उर्फ नीटा को कौम का जनरल कहकर संबोधित किया। एनआईए ने जांच के दौरान उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। पंजाब के विभिन्न जिलों में भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ पहुंची
इस गिरफ्तारी के साथ शंभू-राजपुरा विस्फोट मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ हो गई है। एनआईए अब विदेशों में बैठे आतंकियों, उनके सहयोगियों, वित्तीय नेटवर्क और आतंकी ढांचे को ध्वस्त करने के लिए व्यापक साजिश की कड़ियां खंगाल रही है।











