वृंदाव: विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर की व्यवस्थाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई हैं। मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं को ठाकुर जी के दर्शन कराने के लिए लगाई गई बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाइव दर्शन के स्थान पर अचानक फिल्मी और आपत्तिजनक गाने चलने लगे। इससे मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में खलबली मच गई। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 15 अक्टूबर का है।
श्रद्धालुओं में हैरानी और विरोध
जानकारी के अनुसार, मंदिर मार्ग पर लगी एलईडी स्क्रीन पर श्रद्धालु ठाकुर जी के लाइव दर्शन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक स्क्रीन पर फिल्मी और आपत्तिजनक गाने प्रसारित होने लगे। अपने आराध्य के दर्शन की आस लेकर पहुंचे श्रद्धालु स्क्रीन पर चल रहे इस नजारे को देखकर हैरान रह गए। कई भक्तों ने इसे घोर लापरवाही बताते हुए विरोध जताया और धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की है।
हाईपॉवर कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस मामले ने मंदिर की व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाल रही हाईपॉवर कमेटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर इस तरह की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। वहीं, मामले को लेकर जब कमेटी के अध्यक्ष से सवाल किए गए तो वह घटना की जानकारी होने से अनजान नजर आए। इससे व्यवस्था की निगरानी और जिम्मेदारी तय करने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
सेवायत की आपत्ति और कार्रवाई की मांग
वहीं, मंदिर सेवायत एवं कमेटी सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे सुप्रीम कोर्ट की ओर से लाइव स्क्रीनिंग पर लगाई गई रोक की सीधी अवहेलना बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, वायरल वीडियो के बाद श्रद्धालुओं में रोष है। अब देखना होगा कि मंदिर प्रशासन और हाईपॉवर कमेटी इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाती है और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।











