
नई दिल्ली: जिस पोते पर दादा की सेवा और सम्मान की जिम्मेदारी थी उसी ने कथित तौर पर उनकी जीवनभर की कमाई पर डाका डाल दिया। रिश्तों को शर्मसार करने वाले इस मामले में दिल्ली पुलिस की पूर्वी जिला साइबर थाना टीम ने 87 वर्षीय सेवानिवृत्त नौसेना कर्मी के बैंक खाते से 29 लाख 50 हजार 892 रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक पीड़ित का सगा पोता अभिषेक राघव है, जिसने अपने साथी तुषार चौधरी के साथ मिलकर कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया।
छह महीने में खाते से निकाले 29.50 लाख रुपये
पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि शिकायतकर्ता अश्वनी राघव ने अपने 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह के बैंक खाते से अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 के बीच संदिग्ध लेनदेन की शिकायत दी थी। जांच में सामने आया कि खाते से कुल 29,50,892 रुपये अवैध तरीके से निकालकर अलग-अलग बैंक खातों में भेजे गए। वित्तीय लेनदेन की पड़ताल में 9,26,892 रुपये अभिषेक राघव के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते और 20,24,000 रुपये तुषार चौधरी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में पहुंचने का खुलासा हुआ।
ठगी की रकम से घूमने-फिरने और महंगे शौक पूरे करने का आरोप
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अभिषेक, शिकायतकर्ता का बेटा और पीड़ित का पोता है। आरोप है कि उसने दादा के बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर और बैंकिंग जानकारी का दुरुपयोग कर अपने साथी के साथ ठगी की साजिश रची। ठगी की रकम से मनाली, नैनीताल और ओडिशा की सैर, नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां और महंगे शौक पूरे किए गए। इतना ही नहीं, 2.75 लाख रुपये में पोलो कार खरीदी और उसमें 1.25 लाख रुपये का म्यूजिक सिस्टम भी लगवाया।
बैंकिंग रिकॉर्ड और केवाईसी दस्तावेजों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
इंस्पेक्टर पवन यादव, एसएचओ साइबर थाना पूर्वी जिला के नेतृत्व में एएसआई शिव कुमार, हेड कांस्टेबल अनुराग और हेड कांस्टेबल योगेश की टीम ने बैंकिंग रिकॉर्ड, केवाईसी दस्तावेजों और लेनदेन की कड़ियां जोड़ते हुए बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस महावीर प्रसाद की निगरानी में हुई।
दो मोबाइल फोन और पोलो कार जब्त, जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ठगी की रकम से खरीदी गई पोलो कार भी जब्त की गई है। ई-एफआईआर संख्या 450/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4)/319 के तहत मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस शेष रकम की बरामदगी, अन्य संभावित साथियों और पूरे धन के लेनदेन की कड़ियां खंगाल रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक राघव (22) बीए-एलएलबी का विद्यार्थी है, जबकि तुषार चौधरी (22) नर्सिंग का पाठ्यक्रम कर रहा है। मामले की जांच जारी है।









