यूपी में चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों के तबादले; कई जिलों के DM बदले

0
16

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। प्रदेश सरकार ने 38 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारियों के साथ विकास प्राधिकरणों और नगर निगमों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और वाराणसी जैसे अहम शहरों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है।

इस प्रशासनिक बदलाव के तहत प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, सीतापुर के मौजूदा डीएम राजागणपति आर को सूडा का निदेशक नियुक्त किया गया है। विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और संभागीय खाद्य नियंत्रक बनाया गया है। हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद का नगर आयुक्त और शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त बनाया गया है। अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी बदली जिम्मेदारी

प्राधिकरणों में भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिली हैं। संजय कुमार मीणा और कृष्ण कुमार सिंह को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी मिली है। नूपुर गोयल और प्रवीण वर्मा को ग्रेटर नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, सुनील कुमार चौधरी को राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त बनाया गया है। डॉ. नितिन मदान उत्तर जल निगम (नगरीय) के संयुक्त प्रबंध निदेशक होंगे। वंदना त्रिपाठी को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। प्रत्युष पांडेय को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के अपर निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

कई जिलों में नए जिलाधिकारी और सीडीओ

जिलों में भी अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर और शिवशरणप्पा जीएन को महराजगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है। सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर और जोगिंद्र सिंह को बिजनौर की कमान सौंपी गई है। राजेश कुमार को अयोध्या का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। संदीप कुमार को मेरठ, पूनम निगम को फतेहपुर, शिशिर कुमार सिंह को श्रावस्ती और शैलेंद्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद का सीडीओ बनाया गया है।

अन्य नियुक्तियों में उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव और शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी का अपर निदेशक बनाया गया है। शत्रोहन वैश्य को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here