देव दिवाली 2026: कब है दीपदान का शुभ मुहूर्त? जानें तिथि, समय और भगवान शिव की पूजा का महत्व

0
12

नई दिल्ली: दिवाली के बाद अब काशी एक बार फिर रोशनी से नहाने की तैयारी कर रही है। कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली देव दिवाली इस बार 24 नवंबर 2026, मंगलवार को पड़ेगी। इस दिन माना जाता है कि देवी-देवता खुद स्वर्ग से उतरकर काशी आते हैं और गंगा में स्नान करते हैं। काशी की देव दिवाली का नजारा पूरी दुनिया में मशहूर है। इस शाम गंगा के सभी 84 घाटों पर लाखों दीपक जलाए जाते हैं। दशाश्वमेध घाट से लेकर अस्सी घाट तक, हर तरफ सिर्फ रोशनी ही रोशनी नजर आती है। गंगा की लहरों पर तैरते दीये ऐसे लगते हैं जैसे आसमान के तारे जमीन पर उतर आए हों। इस नजारे को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं।

कब है देव दिवाली और क्या है शुभ मुहूर्त?

पंचांग के मुताबिक कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा 23 नवंबर की रात 11:42 बजे से शुरू होकर 24 नवंबर की रात 8:23 बजे तक रहेगी। उदया तिथि को देखते हुए देव दिवाली 24 नवंबर को ही मनाई जाएगी। इस दिन दीपदान के लिए सबसे अच्छा समय प्रदोष काल माना गया है। 24 नवंबर को शाम 5:08 बजे से रात 7:47 बजे तक प्रदोष काल रहेगा। इसी दौरान दीप जलाना और भगवान शिव की पूजा करना सबसे शुभ होगा।

परंपरा के अनुसार इस दिन लोग 11, 21, 51 या 108 दीपक जलाते हैं। घर के मुख्य दरवाजे, तुलसी के पास और मंदिर में दीपक रखने का भी रिवाज है। मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि आती है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।

क्यों मनाते हैं देव दिवाली?

इसके पीछे भगवान शिव से जुड़ी एक पुरानी कथा है। कहा जाता है कि त्रिपुरासुर नाम के असुर ने तीनों लोकों में हाहाकार मचा रखा था। देवता भी उसके अत्याचार से परेशान थे। तब सभी ने महादेव से मदद मांगी और शिवजी ने त्रिपुरासुर का वध कर दिया। उसकी हार से खुश होकर सभी देवी-देवता काशी आए और गंगा किनारे दीप जलाकर खुशियां मनाईं। तभी से कार्तिक पूर्णिमा को देव दिवाली मनाने की परंपरा चली आ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here