दिल्ली में प्रदूषण का कहर! कई इलाकों में AQI 400 पार, नोएडा-गाजियाबाद में स्कूलों के लिए नए आदेश

0
10

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। गुरुवार सुबह राजधानी की हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। कई इलाकों में धुंध की मोटी परत छाई रही और कुछ जगहों पर AQI 400 के पार पहुंच गया। बिगड़ते हालात को देखते हुए गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कहीं निर्माण कार्यों पर रोक लगाई गई है, तो कहीं छोटे बच्चों की पढ़ाई का तरीका बदल दिया गया है।

गुरुवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 319 दर्ज किया गया। हालांकि, कई इलाकों में प्रदूषण इससे कहीं ज्यादा रहा। IIT दिल्ली में सबसे अधिक 412 AQI रिकॉर्ड किया गया। ITO और जाफरपुर में यह 394, नॉर्थ कैंपस में 392 और चांदनी चौक में 388 रहा। इसके अलावा पूसा में 382, DTU में 379, बुराड़ी में 378 और JNU में 376 AQI दर्ज हुआ। मथुरा रोड में 363, आया नगर में 361 और तालकटोरा में 359 रहा।

गाजियाबाद में 20 नवंबर तक निर्माण कार्य बंद

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए गाजियाबाद के जिलाधिकारी ने GRAP-3 के नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 20 नवंबर तक जिले में सभी सरकारी और निजी निर्माण कार्य बंद रहेंगे। इमारतों को तोड़ने से जुड़े काम भी इस दौरान नहीं किए जा सकेंगे। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। धूल को हवा में फैलने से रोकने के लिए सड़कों की मशीनों से सफाई दोगुनी की जाएगी। साथ ही पानी के छिड़काव की मात्रा भी बढ़ाई जाएगी।

पांचवीं तक के बच्चों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में

गाजियाबाद में कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों को ऑनलाइन या स्कूल जाकर पढ़ाई करने का विकल्प दिया गया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी यह व्यवस्था लागू की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने आदेश जारी कर पांचवीं तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड पढ़ाई अनिवार्य की है। यह नियम सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। स्कूलों को ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा देनी होगी। जहां ऑनलाइन कक्षाएं संभव हैं, वहां इन्हें चलाना जरूरी होगा। आदेश की अनदेखी करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

11 नवंबर की सुबह 6 बजे दिल्ली का AQI 299 था। नोएडा में यह 276 और गुरुग्राम में 295 दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा के हिसार में सुबह 7 बजे AQI 377 तक पहुंच गया था। बल्लभगढ़ में 323 और करनाल में 303 रहा। दिल्ली के चांदनी चौक में सूचकांक 379 दर्ज हुआ, जबकि IIT दिल्ली और नॉर्थ कैंपस में यह 370 से अधिक था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here