नई दिल्ली: देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़ गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, 75 वर्षीय धनखड़ को अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया है, जहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं।
कैसे बिगड़ी तबीयत?
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह टलहने के दौरान जगदीप धनखड़ अचानक बेहोश होकर गिर पड़े और कुछ मिनट तक बेहोश रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पीसीआर वाहन से घर पहुंचाया। इसके बाद इंस्टीट्यूड ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच की और जरूरी चिकित्सा सहायता दी।
AIIMS में चल रहा इलाज
शुरुआती चिकित्सा सहायता मिलने के बावजूद उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई थी। इसे देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया। यहां उन्हें अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल कार्डियोलॉजी विभाग की निगरानी में उनकी मेडिकल जांच और इलाज चल रहा है।
अभी नहीं आया आधिकारिक बयान
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। एम्स प्रशासन ने भी अभी तक उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। बता दें कि जगदीप धनखड़ अगस्त 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बने थे। उन्होंने जुलाई 2025 में उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था।












