वृंदावन: विश्वप्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर के समीप बुधवार दोपहर एक बंद पड़े मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घनी आबादी और तंग गलियों के बीच मकान से उठती आग की लपटों और काले धुएं को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हैरानी की बात यह रही कि सूचना देने के बावजूद दमकल की टीम मौके पर नहीं पहुंची।
जर्जर मकान में लगी आग, 500 मीटर तक दिखा धुआं
बांके बिहारी मंदिर के वीआईपी मार्ग के समीप स्थित गली में अकोला वाली धर्मशाला के पास एक बंद और जर्जर मकान है। बुधवार दोपहर अचानक मकान से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में धुएं ने विकराल रूप ले लिया और मकान से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग से निकल रहा काला धुआं करीब 500 मीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आशंका जताई जा रही है कि किसी पटाखे की चिंगारी मकान में पड़े थर्माकोल पर गिरने से आग लगी।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने एक घंटे में पाया काबू
मकान से धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बांके बिहारी पुलिस चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक शिव कुमार शर्मा और सिपाही अनिकेत मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। संकरी गलियों और घनी आबादी के बीच आग बुझाना चुनौती बना रहा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
एक घंटे तक नहीं पहुंची दमकल, उठे सवाल
इस दौरान दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए। पुलिसकर्मियों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दे दी थी, लेकिन करीब एक घंटे तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोग अपने स्तर पर आग बुझाने में जुटे रहे। गनीमत रही कि हादसे के समय बांके बिहारी मंदिर के पट बंद थे और दर्शनार्थियों की भीड़ भी कम हो चुकी थी। यदि मंदिर में दर्शन का समय होता तो इन संकरी गलियों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हालात और गंभीर हो सकते थे। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।












