छज्जा गिरने से घायल दूसरे मजदूर की भी मौत, गेस्टहाउस संचालक पर मुकदमा

0
7

वृंदावन: रमणरेती क्षेत्र में रामकृष्ण गेस्टहाउस की चौथी मंजिल पर मरम्मत के दौरान हुए हादसे में घायल दूसरे मजदूर कप्तान की भी मौत हो गई। रविवार को दीवार का छज्जा गिरने से महिला मजदूर रचना की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कप्तान गंभीर रूप से घायल हो गया था। देर शाम उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे में दो मजदूरों की मौत के बाद उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने कप्तान के पिता की तहरीर पर गेस्टहाउस संचालक आशीष गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

छज्जा गिरने से दो मजदूरों की मौत, कप्तान ने अस्पताल में तोड़ा दम

जगद्गुरु कृपालु महाराज के पुराने मंदिर के समीप स्थित रामकृष्ण गेस्टहाउस में रविवार दोपहर मरम्मत का काम चल रहा था। चौथी मंजिल पर मजदूर कप्तान और रचना काम कर रहे थे। इसी दौरान दीवार दरकने के बाद छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रचना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कप्तान को उपचार के लिए रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में परिजन उसे आकाश सिम्स अस्पताल ले गए, जहां देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कप्तान के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

पति की मौत के बाद मजदूरी कर पाल रही थी बच्चे, हादसे ने छीना मां का सहारा

हादसे में जान गंवाने वाली रचना मूल रूप से झांसी जिले के गुरसराय थाना क्षेत्र के सेमरी गांव की रहने वाली थी। पति की मौत के बाद वह करीब आठ साल से वृंदावन के केशव धाम क्षेत्र में अपने बेटे और बेटी के साथ कच्चे मकान में रह रही थी। बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। मजदूरी करके वह किसी तरह परिवार का खर्च चला रही थी, लेकिन हादसे ने दोनों बच्चों से मां का सहारा छीन लिया। रचना का शव पुलिस ने हिमाचल प्रदेश में रहने वाली उसकी बहन रोशनी की सुपुर्दगी में दिया है। मां की मौत के बाद अब बच्चों के सामने परवरिश और भविष्य का संकट खड़ा हो गया है।

कप्तान की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गुजर-बसर का संकट

हादसे में जान गंवाने वाला कप्तान भी अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। वह जैंत थाना क्षेत्र के बाटी गांव का रहने वाला था। उसके परिवार में पांच बहनें और एक छोटा भाई है। पिता गोपी राजमिस्त्री हैं, लेकिन उम्र अधिक होने के कारण अब नियमित रूप से काम नहीं कर पाते। छोटा भाई पढ़ाई करता है और कभी-कभार मजदूरी कर लेता है। कप्तान की दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार की जिम्मेदारियां संभालने वाले कप्तान की अचानक मौत से घर में मातम पसरा है। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि तीन बहनों की शादी होनी बाकी है। रिश्तेदार महावीर सिंह के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ऐसे में कप्तान की मौत से परिवार के सामने गुजर-बसर का संकट खड़ा हो गया है।

गेस्टहाउस संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, मुआवजे की प्रक्रिया शुरू

कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया कि मृतक कप्तान के पिता गोपी की तहरीर पर गेस्टहाउस संचालक आशीष गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। महिला मजदूर रचना का भी पोस्टमार्टम कराया गया है और उसका शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई है। पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मजदूरों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

Reported by: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here