iPhone 18 में मिलेंगे कई बड़े अपग्रेड, 120Hz डिस्प्ले से लेकर 12GB RAM तक, जानें कितनी हो सकती है कीमत

0
11

नई दिल्ली: आईफोन 18 प्रो सीरीज और आईफोन डुओ पेश किए जाने के बाद अब सबकी नजर स्टैंडर्ड iPhone 18 पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मॉडल को अगले साल की पहली छमाही में बाजार में उतारा जा सकता है। नए फोन में स्क्रीन, प्रोसेसर, कैमरा और रैम से जुड़े कई बदलाव मिलने की उम्मीद है। सितंबर 2026 में प्रो मॉडल पेश करने के बाद कंपनी स्टैंडर्ड iPhone 18 को 2027 की पहली छमाही में लॉन्च कर सकती है। हालांकि, कंपनी ने इसकी आधिकारिक तारीख या फीचर्स की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल ये जानकारियां लीक और टिप्स्टर की रिपोर्ट्स पर आधारित हैं।

टिप्स्टर Digital Chat Station के मुताबिक, फोन में 6.3 इंच की OLED डिस्प्ले दी जा सकती है। इसमें 1.5K रेजोल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है। इससे स्क्रॉलिंग और वीडियो देखने का अनुभव बेहतर हो सकता है। डिजाइन में Dynamic Island और Face ID बने रहने की संभावना है। परफॉर्मेंस के लिए कंपनी इसमें नई A20 चिप दे सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह प्रोसेसर 2nm तकनीक पर तैयार होगा। इससे फोन की स्पीड और पावर एफिशिएंसी बेहतर होने की उम्मीद है। भारी ऐप्स चलाने और मल्टीटास्किंग के दौरान भी डिवाइस बेहतर प्रदर्शन कर सकता है और गर्म भी कम हो सकता है।

कैमरा और RAM में भी बड़े बदलाव संभव

फोटोग्राफी के लिए फोन के पीछे दो कैमरे दिए जा सकते हैं। दोनों 48 मेगापिक्सल के हो सकते हैं। कुछ रिपोर्ट्स में 24 मेगापिक्सल का सेल्फी सेंसर मिलने का दावा किया गया है। रैम को लेकर विश्लेषकों की राय अलग-अलग है। Ming-Chi Kuo के मुताबिक, इसमें 9GB RAM हो सकती है, जबकि Jeff Pu ने 12GB RAM मिलने की संभावना जताई है। ज्यादा रैम से Apple Intelligence के फीचर्स फोन पर बेहतर तरीके से चल सकेंगे।

क्या एक लाख रुपये से महंगा होगा iPhone 18?

कीमत को लेकर भी बढ़ोतरी के संकेत मिले हैं। Digital Chat Station का दावा है कि नया मॉडल मौजूदा कीमत से महंगा हो सकता है, लेकिन अभी कोई आंकड़ा सामने नहीं आया है। ऐसे में भारत में इसकी कीमत एक लाख रुपये से ऊपर जाने की आशंका है। एप्पल ने कीमत और उपलब्धता पर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here