अपराधियों पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस का ‘डबल अटैक’, पांच बदमाश गिरफ्तार

0
11

नई दिल्ली: दिल्ली में झपटमारी और वाहन चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग अभियानों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर दो झपटे गए मोबाइल फोन तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, एक चोरी की स्कूटी और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। कार्रवाई से झपटमारी चोरी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े कुल आठ आपराधिक मामले सुलझाने का दावा किया गया है। गिरफ्तार आरोपी पहले भी कुल 22 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।

सीसीटीवी से खुला राज, आईफोन के साथ दो आरोपी दबोचे

उत्तरी जिला डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि 26 अक्टूबर को अरुणा आसफ अली अस्पताल के पास महिला से आईफोन-16 झपटने के मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर तुषार (22) और अमित (23) को गिरफ्तार किया। आरोपियों से झपटा गया आईफोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पिछले महीने की दो अन्य झपटमारी की वारदातों में संलिप्तता भी बताई है।

रात की गश्त ने नाकाम की वारदात की तैयारी

आउटर रिंग रोड पर रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम ने संदिग्ध अमर (23) को पकड़ा। उसके पास से बटनदार चाकू मिला जबकि होंडा एविएटर स्कूटी चोरी की निकली। पुलिस के मुताबिक आरोपी कथित तौर पर झपटमारी की फिराक में था।

बुराड़ी में जाल बिछाकर दो आरोपी गिरफ्तार

बुराड़ी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर पुश्ता रोड के पास आजिम उर्फ नन्हे (26) और आदिल (22) को पकड़ा। उनसे झपटा गया मोबाइल और स्प्रिंग वाला चाकू बरामद हुआ। उनकी निशानदेही पर एक और चोरी की मोटरसाइकिल मिली।

इन टीमों ने निभाई अहम भूमिका

डीसीपी नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट निहारिका भट्ट के अनुसार सिविल लाइंस की कार्रवाई में एसआई आकाशदीप, एसआई सचिन जायसवाल, एसआई अमित राठी, हेड कांस्टेबल राजीव और कांस्टेबल दीपक बेनीवाल व सीताराम की टीम शामिल रही। दूसरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल भूदेव तथा कांस्टेबल अजीत, सीताराम, जितेश और तनवीर खान ने भूमिका निभाई। बुराड़ी अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर जसपाल सिंह और एसआई विकास फागेरिया ने किया। आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here