रोहिणी पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: अवैध शराब के कारोबार पर करारा वार, 3,650 पव्वे बरामद

0
10

नई दिल्ली: राजधानी में अवैध शराब की तस्करी और आपूर्ति पर लगाम लगाने के लिए रोहिणी जिला पुलिस की विशेष स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब की 73 पेटियां बरामद की हैं जिनमें कुल 3,650 पव्वे बताए गए हैं। शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति ईको कार भी जब्त की गई है।

झंडा चौक पर बिछाया जाल, कार समेत आरोपी दबोचा

रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि विजय विहार थाना क्षेत्र में अवैध शराब की आपूर्ति की सूचना मिलने पर 25 अक्टूबर 2026 को विशेष स्टाफ की टीम ने झंडा चौक के पास जाल बिछाया। संदिग्ध मारुति ईको कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से 73 पेटियां अवैध शराब बरामद हुईं। इसके बाद कार चालक की पहचान सौरभ गुप्ता (22) निवासी करण विहार, किराड़ी, दिल्ली के रूप में हुई। मामले में विजय विहार थाने में प्राथमिकी संख्या 583/2026 दर्ज की गई है।

इंस्पेक्टर संदीप गोदारा की टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई निरीक्षक संदीप गोदारा विशेष स्टाफ रोहिणी के नेतृत्व में तथा सहायक पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन) अजमेर सिंह की निगरानी में की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक सुरेश, रविंदर और रूपेश, हेड कांस्टेबल नवीन तथा कांस्टेबल जोगिंदर, परवीन और आर्यमान शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पहले भी एक आपराधिक मामले में संलिप्त रहा है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस अवैध शराब की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here