टेलीग्राम पर मुनाफे का जाल, 88,784 की साइबर ठगी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन मोबाइल फोन बरामद

0
11

नई दिल्ली: टेलीग्राम पर आकर्षक मुनाफे का सपना दिखाकर लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने वालों के खिलाफ उत्तर-पूर्वी जिला साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामला 88,784 की साइबर ठगी से जुड़ा है।नॉर्थ ईस्ट जिला डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि शिकायतकर्ता मोहन गोविंद (41) को टेलीग्राम के माध्यम से निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था। झांसे में आकर उन्होंने तीन अलग-अलग बैंक खातों में कुल 88,784 स्थानांतरित कर दिए। इस संबंध में 24 अक्टूबर 2026 को साइबर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी संख्या 29/2026 दर्ज की गई।

बैंक लेनदेन से खुला ठगी का राज

जांच के दौरान ठगी की रकम में से ₹30,000 शोएब के बैंक खाते में पहुंचने का पता चला। बैंक लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 25 अक्टूबर को शोएब (26) को पकड़ा। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर मोहम्मद ओवेश (22) और फिर मोहम्मद आदिल (31) को भी गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि बैंक खातों की जानकारी के जरिए ठगी की रकम प्राप्त करने में उनकी भूमिका रही।

पुलिस अब बैंक खातों डिजिटल साक्ष्यों और लेनदेन की कड़ियों को खंगाल रही है ताकि बाकी रकम और अंतिम लाभार्थियों का पता लगाया जा सके। अब तक की जांच में आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here