किताबों के बीच गढ़े जाएंगे कामयाबी के सपने, नरेला में खुला ‘लक्ष्य अध्ययन केंद्र’

0
10

नई दिल्ली: राजधानी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सपनों को अब एक नया ठिकाना मिल गया है। नरेला औद्योगिक क्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने शिक्षा और युवा सशक्तीकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ‘लक्ष्य अध्ययन केंद्र’ नाम से नई लाइब्रेरी की शुरुआत की है। यह पहल सिर्फ किताबों और कुर्सियों तक सीमित नहीं, बल्कि उन युवाओं के सपनों को पंख देने की कोशिश है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर अपने भविष्य की नई कहानी लिखना चाहते हैं।

‘लक्ष्य अध्ययन केंद्र’ का उद्घाटन विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर उत्तरी परिक्षेत्र के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह, जिले के पुलिस उपायुक्त सहित दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई का एक ऐसा स्थान उपलब्ध हुआ, जहां वे शांत और सुविधाजनक माहौल में अपनी तैयारी को आगे बढ़ा सकेंगे।

पढ़ाई के लिए मिलेगा बेहतर माहौल

लक्ष्य अध्ययन केंद्र में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अध्ययन का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। शांत माहौल और आवश्यक सुविधाओं के साथ तैयार किए गए इस केंद्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल स्थान उपलब्ध कराना है। नरेला और आसपास के इलाकों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह पहल खास मायने रखती है। लाइब्रेरी शुरू होने से स्थानीय युवाओं में भी उत्साह देखने को मिला। दिल्ली पुलिस के मुताबिक केंद्र का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा की ओर प्रोत्साहित करना और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उन्हें सहयोग देना है।

सातों दिन खुलेगा ‘लक्ष्य’

इस पहल की एक खास बात यह है कि ‘लक्ष्य अध्ययन केंद्र’ सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा। यानी पढ़ाई की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए पूरे सप्ताह अध्ययन का अवसर उपलब्ध रहेगा। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने युवाओं के हित में ऐसी पहलों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा किए जा रहे जनहितकारी प्रयासों पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ नागरिकों की सहायता से लेकर युवाओं के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने तक, पुलिस की सामाजिक भूमिका को और मजबूत करने की बात कही गई।

खाकी का नया संदेश सिर्फ सुरक्षा नहीं, भविष्य निर्माण भी

नरेला में शुरू हुआ ‘लक्ष्य अध्ययन केंद्र’ दिल्ली पुलिस की उस सोच को सामने लाता है, जिसमें कानून-व्यवस्था के साथ समाज के भविष्य को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जिन आंखों में सरकारी नौकरी और बेहतर भविष्य के सपने हैं, उनके लिए यह केंद्र उम्मीद की नई रोशनी बनकर सामने आया है। किताब खुलेगी पन्ने पलटेंगे और इन्हीं पन्नों के बीच कोई युवा अपने सपनों की मंजिल तलाशेगा। नरेला में दिल्ली पुलिस की यह पहल आने वाले दिनों में कितने युवाओं के भविष्य की तस्वीर बदलेगी, यह वक्त बताएगा—लेकिन ‘लक्ष्य’ नाम से शुरू हुआ यह सफर युवाओं को अपने लक्ष्य तक पहुंचने की दिशा में एक नया रास्ता जरूर देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here