लाइवस्ट्रीम में रूह कंपा देने वाला हादसा: मृत्यु पर प्रवचन दे रहे थे पादरी, तभी सिर पर गिर पड़ा भारी क्रॉस

0
13

नई दिल्ली: दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर के गुआयाक्विल शहर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान एक भारी लकड़ी का क्रॉस अचानक कैथोलिक पादरी के ऊपर गिर गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि हादसे के समय चर्च की प्रार्थना सभा का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ पल पहले पादरी लोगों को मृत्यु और ईश्वर के साथ बिताए जाने वाले समय के महत्व के बारे में बता रहे थे।

यह घटना 17 अक्टूबर को गुआयाक्विल स्थित न्यूस्ट्रा सेनोरा डेल परपेटुआ सोकोरो चर्च में हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पादरी पैट्रिक अल्फ्रेडो सांचेज मोलिनारी चर्च में धार्मिक रस्म निभा रहे थे और लोगों को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान दीवार पर लगा भारी लकड़ी का क्रूसीफिक्स अचानक अपनी जगह से उखड़ गया और सीधे उनके सिर पर गिर पड़ा। हादसे के बाद चर्च में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, क्योंकि उस समय प्रार्थना सभा का लाइव प्रसारण किया जा रहा था। इस तरह वहां मौजूद लोगों के साथ ऑनलाइन जुड़े दर्शकों ने भी इस दर्दनाक घटना को देखा।

कैथोलिक प्रशासन ने की निधन की पुष्टि

पादरी की मौत की खबर सामने आने के बाद कैथोलिक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को कैथोलिक प्रशासन ने उनके निधन की पुष्टि की। सोशल मीडिया पर साझा किए गए श्रद्धांजलि संदेश में पादरी को याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उनके निधन से जुड़े संदेश में कहा गया कि ईश्वर उन्हें शाश्वत शांति प्रदान करें और उनका प्रकाश हमेशा उनके साथ बना रहे।

मृत्यु पर बात कर रहे थे पादरी

इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा पादरी की उस बात की हो रही है, जो उन्होंने हादसे से कुछ समय पहले कही थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह लोगों को समझा रहे थे कि जीवन सीमित है और हर व्यक्ति को एक दिन दुनिया से विदा होना है।

उन्होंने ईश्वर, परिवार और अपने प्रियजनों के साथ समय बिताने के महत्व पर भी जोर दिया था। हालांकि, सोशल मीडिया पर बताए जा रहे उनके आखिरी शब्दों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने चर्च में मौजूद लोगों और घटना का वीडियो देखने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here