नई दिल्ली: जिसे उसने अपनी जिंदगी का प्यार समझा, वह असल में इंसान ही नहीं निकली। ब्राजील का 49 साल का एक शख्स सोशल मीडिया पर मिली एक महिला से शादी की उम्मीद में अपना सबकुछ बेचकर करीब 1,200 मील दूर पहुंच गया। लेकिन वहां पहुंचकर उसे पता चला कि वह महिला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाया गया एक किरदार थी।
ब्राजील के टीवी चैनल टीवी मिरांटे के मुताबिक, इस शख्स का नाम एडिमार मार्टिंस है। वह मारान्याओ राज्य का रहने वाला राजमिस्त्री है। उसके अनुसार, 2020 में सोशल मीडिया पर उसकी मुलाकात जेसिका ओलिवेरिया नाम के एक अकाउंट से हुई थी। उसे कभी शक नहीं हुआ कि जिससे वह बात कर रहा है, वह असली नहीं है।
प्यार के लिए बेच दिया सामान
मार्टिंस ने तय किया कि अब वह अपनी ऑनलाइन प्रेमिका से आमने-सामने मिलेगा। 9 अक्टूबर को उसने अपनी निजी चीजें बेच दीं, ताकि बस से मिनास गेरैस राज्य की राजधानी बेलो होरिजोंटे तक जाने का खर्च जुट सके। 11 अक्टूबर को वह शहर पहुंचा और अपनी कथित प्रेमिका को ढूंढने लगा, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। आखिरकार उसने एक रेडियो स्टेशन से संपर्क किया। वहां उसे बताया गया कि यह महिला असली नहीं है और उसके बारे में फैली जानकारी फर्जी है।
पैसे खत्म, फिर मिली मदद
शहर में पहुंचने के बाद उसके पैसे भी खत्म हो गए। तब वह बेलो होरिजोंटे सिटी हॉल गया और एक सामाजिक कार्यकर्ता को अपनी पूरी कहानी सुनाई। उसने बताया कि अकेलेपन से परेशान होकर वह प्यार की तलाश में इतनी दूर आया था। इसके बाद अधिकारियों ने उसे घर लौटने में मदद की। मार्टिंस ने कहा कि वह निराश है, लेकिन प्यार की तलाश नहीं छोड़ेगा। उसका कहना है कि वह दोबारा बेलो होरिजोंटे आएगा और इस बार किसी असली महिला को ढूंढेगा।
AI वाले अकाउंट की सच्चाई
जिस सोशल मीडिया अकाउंट से मार्टिंस प्रभावित हुआ, उसके करीब 3 लाख फॉलोअर्स हैं। इस पर AI से बनाई गई महिला के वीडियो डाले जाते थे। एक पुराने वीडियो में उस किरदार ने दिखाया था कि वह ऐसे पुरुष की तलाश में है, जिसे वह अपने फार्म पर बुलाकर पूरी आर्थिक जिम्मेदारी उठा सके।
बाद में अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति ने वीडियो जारी कर साफ किया कि जेसिका ओलिवेरिया असली महिला नहीं, बल्कि AI से बना किरदार है। उसने कहा कि मकसद लोगों का ध्यान खींचना और सोशल मीडिया पर जुड़ाव बढ़ाना था। उसने यह भी दावा किया कि उसका मार्टिंस से कोई सीधा संपर्क नहीं था और यह जानकर वह हैरान रह गया कि मार्टिंस मिलने के लिए इतनी दूर पहुंच गया। अब मार्टिंस अपने एक रिश्तेदार के साथ रह रहा है। दिल टूटने के बावजूद वह प्यार की तलाश जारी रखने की बात कह रहा है। यह घटना सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर चीज पर आंख मूंदकर भरोसा न करने की सीख भी देती है।












