नई दिल्ली: कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब Gen Z पहली बार कॉर्पोरेट दुनिया में कदम रखते हैं, तो उनके मन में नौकरी को लेकर कई उम्मीदें होती हैं। अच्छा माहौल, नई चीजें सीखने का मौका और अपने पैरों पर खड़े होने की खुशी। लेकिन जब ऑफिस के नियमों और काम के दबाव से सामना होता है, तो कई बार यह अनुभव उम्मीद से बिल्कुल अलग निकलता है। ऐसा ही एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जहां एक Gen Z लड़की अपनी पहली नौकरी के तौर-तरीकों से परेशान हो गई।
लंच से लेकर छुट्टियों तक, हर नियम से परेशान हुई लड़की
यह किस्सा शीतल नाम की एक लड़की का है, जिसने इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। उन्होंने बताया कि उनकी कजिन ने हाल ही में अपनी पहली कॉर्पोरेट नौकरी शुरू की है। लेकिन ऑफिस में कुछ दिन बिताने के बाद ही उसे वहां के नियम मुश्किल लगने लगे। शीतल के मुताबिक, लड़की ने फोन पर बताया कि ऑफिस में लंच करने का समय पहले से तय है। कर्मचारियों को उसी समय खाना खाना होता है और इसके लिए केवल 45 मिनट ही मिलते हैं। लड़की को इस बात पर हैरानी हुई कि अगर उसे तय समय से पहले भूख लग जाए, तो वह क्या करेगी? इसके अलावा उसे ये बात भी परेशान कर रही थी कि हर महीने केवल तीन पेड लीव ही मिलेंगी। अगर ऑफिस पहुंचने में 10 मिनट से ज्यादा देर हुई तो उसमे भी प्रॉब्लम थी। इसके साथ ही उसकी शिफ्ट भी नौ घंटे की थी। इन नियमों के बीच नई नौकरी के साथ खुद को फिट कर पाना उसके लिए बड़ा मुश्किल हो रहा था।
मैनेजर की बात सुनकर बढ़ी चिंता
लड़की की परेशानी केवल ऑफिस के नियमों तक सीमित नहीं थी। शीतल ने बताया कि उसके मैनेजर ने कहा था कि काम समझ न आने पर वह मदद मांग सकती है। लेकिन उन्होंने साथ में यह भी बोला था, कि ये प्रोजेक्ट काफी महत्वपूर्ण है तो काम में गलतियों से बचना है। इसके बाद लड़की ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि उसे समझ नहीं आ रहा कि वह इस माहौल में कैसे काम कर पाएगी। आगे उसने मजाकिया अंदाज में कहा कि नौकरी के कारण उसकी मेंटल हेल्थ खराब हो रही है और चेहरे की चमक गायब हो रही है, अब तो आंखों के नीचे डार्क सर्कल भी नजर आने लगे हैं। उसकी बातों से ये साफ था कि ऑफिस की जिंदगी उसकी उम्मीदों से काफी अलग निकली। शीतल ने बताया कि कजिन की शिकायतें सुनकर वह अपनी हंसी नहीं रोक पाईं। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट की वजह से अब कॉर्पोरेट वर्क कल्चर और Gen Z की उम्मीदों को लेकर खूब चर्चा हो रही है।












