ध्रुव राठी ने लंदन में ब्रिटिश संसद के बाहर किया प्रदर्शन, चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की रखी मांग

0
16

नई दिल्ली: यूट्यूबर ध्रुव राठी ने लंदन पहुंचकर भारत में चल रहे चुनाव आयोग से जुड़े विरोध प्रदर्शनों को लेकर बड़ा बयान दिया है। राठी ने कहा कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दे देते हैं तो ये सभी प्रदर्शन आज ही खत्म हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, ध्रुव राठी हाल ही में जर्मनी से भारत आए थे ताकि दिल्ली में हो रहे एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकें, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था, जिसके कारण वह प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाए। इसके बाद वह लंदन चले गए और वहां संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।

‘हमें अपने देश में प्रोटेस्ट की इजाजत नहीं’

लंदन में पार्लियामेंट स्क्वायर पर लोगों को संबोधित करते हुए राठी ने कहा, “अपने देश में हमें विरोध करने की इजाजत नहीं दी जा रही और हम उस देश की संसद के बाहर खड़े हैं जिसने हम पर राज किया। इसे कहते हैं लोकतंत्र।” उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन रोकने के लिए 35 हजार से ज्यादा CAPF और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए, 7 हजार से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया और पत्रकारों के साथ मारपीट हुई। राठी ने कहा, “मुझे भी पुलिस ने किडनैप किया। मैं बस चाहता हूं कि आप अपने घर जाकर परिवार को बताएं कि देश में क्या चल रहा है।”

इस्तीफे की शर्त रखी

राठी ने कहा, “आज ही प्रोटेस्ट बंद हो जाएंगे। बस ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा करवा दो और ऐसे चुनाव आयुक्त की नियुक्ति करो जिसे पीएम मोदी और नेता विपक्ष दोनों ने मिलकर चुना हो। हम सिर्फ जवाबदेही चाहते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि देश में वोट चोरी हो रही है और अगर सही तरीके से चुनाव हों तो मौजूदा सरकार की 100 सीटें भी नहीं आएंगी। इस दौरान उन्होंने ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ के नारे भी लगाए।

लंदन में दो गुट आमने-सामने

इस प्रदर्शन के दौरान वहां मौजूद एक दूसरे छोटे समूह ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने दोनों गुटों को अलग-अलग रखा। अपने संबोधन में राठी ने साफ किया कि वह विदेशी हस्तक्षेप नहीं चाहते। उन्होंने कहा, “मैं यहां भारतीयों और प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने आया हूं। हमारे देश में वोट चोरी के खिलाफ संदेश फैलाना जरूरी है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here