नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव भले ही थोड़ा कम हुआ हो, लेकिन दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्ते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि होर्मुज में दो अलग-अलग तेल टैंकरों में विस्फोट हुआ है।IRGC के मुताबिक पहला धमाका शनिवार सुबह हुआ, जब 20 लाख बैरल से ज्यादा कच्चा तेल लेकर जा रहा एक विशाल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया। टक्कर के बाद जहाज के इंजन रूम में जोरदार विस्फोट हुआ और पूरे जहाज में आग लग गई।
GPS बंद कर अवैध रास्ते से जा रहा था टैंकर
ईरानी नौसेना का कहना है कि इस टैंकर ने अपना GPS और रडार सिस्टम बंद कर रखा था और वह अवैध रास्ते से होर्मुज को पार करने की कोशिश कर रहा था। धमाके के बाद जहाज वहीं रुक गया। इस घटना से कुछ घंटे पहले ही एक दूसरे टैंकर में भी इसी तरह का विस्फोट हुआ था। IRGC ने बताया कि वह टैंकर भी अवैध मार्ग से होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहा था और समुद्री माइन से टकरा गया।
ईरान ने बढ़ाई सख्ती
गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल के साथ जंग शुरू होने के बाद ईरान ने 28 फरवरी से होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी पकड़ और मजबूत कर दी है। ईरान ने उन जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने से इनकार कर दिया है जो इजरायल और अमेरिका से जुड़े हैं या उनके स्वामित्व वाले हैं। यह फैसला ईरानी क्षेत्र पर हुए हमलों के जवाब में लिया गया था।
UK एजेंसी ने भी की पुष्टि, क्रू सुरक्षित
इसी बीच ब्रिटेन की मैरीटाइम एजेंसी UKMTO ने भी शनिवार को दो अलग-अलग बयान जारी किए। एजेंसी ने बताया कि सऊदी अरब के अल जुबैल बंदरगाह के पास दो तेल टैंकरों पर हमले की सूचना मिली है। UKMTO के अनुसार एक टैंकर पर किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जबकि दूसरे पर रॉकेट से अटैक किया गया। हालांकि राहत की बात यह है कि दोनों जहाजों के क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं और सभी का पता लगा लिया गया है।












