जिम से बाहर निकलते ही हरियाणवी सिंगर पर हमला, 20 गोलियां मारकर अंकित बालियान की हत्या

0
9
ankit balian shot dead
AI Generated

शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया. हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की जिम से बाहर निकलते ही गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 20 राउंड फायर किए. सिर में गोली लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई. 

घटना शामली कोतवाली क्षेत्र की है. बुधवार शाम करीब 7 बजे अंकित रोज की तरह जिम में वर्कआउट करने पहुंचे थे. ट्रेनिंग खत्म करने के बाद वह बाहर निकले और करीब 20-25 मीटर दूर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. चश्मदीदों के मुताबिक, चारों हमलावर पैदल आए थे और उनके हाथों में पिस्टल थीं. बदमाशों ने अंकित को निशाना बनाकर लगातार गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए. 

कौन थे अंकित बालियान?

अंकित बालियान शामली जिले के बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले थे. पिछले कुछ वर्षों से वह हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रहकर गायकी और एक्टिंग के क्षेत्र में काम कर रहे थे. हरियाणवी म्यूजिक में उन्हें खास पहचान उनके चर्चित गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ से मिली थी. बताया जा रहा है कि अंकित करीब एक साल से इसी जिम में नियमित रूप से आते थे. बुधवार को भी वह सामान्य तरीके से जिम पहुंचे थे, लेकिन बाहर निकलते ही बदमाशों ने उनकी जान ले ली.

पुलिस ने शुरू की जांच

वारदात के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हमलावरों की तलाश में नाकेबंदी की गई है. एसपी एनपी सिंह ने बताया कि जिम से बाहर निकलते समय चार अज्ञात बदमाशों ने अंकित की हत्या की. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं है. शुरुआती तौर पर पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here