सऊदी अरब में बिगड़े हालात! इंडिगो ने 17 अक्टूबर तक रद्द कीं जेद्दा-मदीना की फ्लाइट्स, यात्रियों के लिए जारी हुई एडवाइजरी

0
8

नई दिल्ली: सऊदी अरब में बिगड़ते हालात का असर अब भारत से जाने वाले यात्रियों पर भी दिखने लगा है। इंडिगो एयरलाइंस ने जेद्दा, दमाम और मदीना की उड़ानों पर 17 अक्टूबर तक रोक बढ़ा दी है। यानी इन शहरों का टिकट बुक करा चुके यात्रियों को अभी इंतजार करना होगा। इंडिगो ने मंगलवार को इस बारे में एडवाइजरी जारी की। इसमें बताया गया है कि रियाद, जेद्दा और मदीना से आने-जाने वाली उड़ानें अगली सूचना तक बंद रहेंगी। एयरलाइन ने यात्रियों से कहा है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले वेबसाइट पर उड़ान की स्थिति जरूर देख लें।

कंपनी का कहना है कि बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण पर समय-समय पर अपडेट भेजे जा रहे हैं। किसी भी मदद के लिए सपोर्ट टीम उपलब्ध है। इंडिगो ने यह भी कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है और वह संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार तालमेल में है।

शनिवार तक बंद रहेगा रियाद एयरपोर्ट

उधर, अधिकारियों ने रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को शनिवार तक बंद रखने का फैसला किया है। वजह है यमन के ईरान समर्थक हूती लड़ाकों के लगातार हमले। सऊदी नागरिक विमानन प्राधिकरण के मुताबिक किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन सुरक्षा के लिहाज से रोका गया है। यह जेद्दा के बाद सऊदी अरब का दूसरा सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है।

हूती लड़ाकों का दावा

सोमवार देर रात हूती लड़ाकों ने दावा किया कि उन्होंने एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया। इसके तुरंत बाद सऊदी अरब ने बयान जारी कर कहा कि रियाद की ओर दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही मार गिराया गया।

10 अक्टूबर के हमले में गई थी एक की जान

इससे पहले 10 अक्टूबर को किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई थी। इस हमले में 10 भारतीयों समेत कई लोग घायल हुए थे। सऊदी अरब ने इसके लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है। भारतीय मिशन ने पीड़ित परिवार को मदद दी और अंतिम संस्कार की औपचारिकताएं पूरी कराने में साथ दिया। दूतावास के अधिकारी अस्पताल भी पहुंचे और घायल भारतीयों का हालचाल लिया। मिशन का कहना है कि वह घायलों के परिवारों के लगातार संपर्क में है और हर संभव सहायता दे रहा है।

भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों से सतर्क रहने, घरों में रहने और स्थानीय अधिकारियों के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here