नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे हो गए हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के साथ शुरू हुआ उनका यह सफर बुधवार को एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंचा। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री ने दिन की शुरुआत दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ की और उनका आशीर्वाद लिया।
श्री विनायक मंदिर में की पूजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा की और देशवासियों के लिए भी मंगलकामना की। विनायक मंदिर दक्षिण भारतीय समुदाय के बीच विशेष पहचान रखता है। मंदिर की स्थापना की पहल करीब 1950 के आसपास हुई थी।
प्रधानमंत्री के मंदिर पहुंचने के दौरान वहां मौजूद लोगों में भी उत्साह नजर आया। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी और सरकार की ओर से देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
गुजरात से शुरू हुआ था सफर
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उस समय राज्य भूकंप, सूखे और राजनीतिक अस्थिरता जैसी कई चुनौतियों से गुजर रहा था। मुख्यमंत्री के तौर पर उनके राजनीतिक सफर ने आगे चलकर राष्ट्रीय राजनीति में भी बड़ी भूमिका बनाई।
साल 2013 में बीजेपी ने उन्हें 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। इसके बाद 2014 में नरेंद्र मोदी ने पहली बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद 2019 और 2024 में भी उनकी सरकार बनी।
देशभर में आयोजित हो रहे कार्यक्रम
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी की ओर से अलग-अलग राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम भी इसी सिलसिले का हिस्सा है। गुरुग्राम के लेजर वैली मैदान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुनेंगे। इस मौके पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सहित कई नेताओं ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी के 25 साल के सफर पर एक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक की उनकी राजनीतिक यात्रा को दिखाया गया है।












