गाड़ी में पेट्रोल-डीजल भराने से पहले जान लें आज का भाव, क्या जेब पर पडे़गा असर?

0
8

नई दिल्ली: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज 8 अक्टूबर को भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। सरकारी तेल कंपनियों ने सुबह 6 बजे रोजाना की तरह कीमतों की समीक्षा की, लेकिन सभी बड़े शहरों में दाम जस के तस रखे। खास बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के पास शिपिंग पर हमलों के खतरे से ग्लोबल सप्लाई को लेकर चिंता गहरी हो गई है। ब्रेंट क्रूड 1.33 डॉलर बढ़कर 101.53 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड 1.11 डॉलर की तेजी के साथ 89.39 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है

प्राइवेट कंपनियों ने बढ़ाए दाम

इंटरनेशनल क्रूड महंगा होने के बावजूद सरकारी कंपनियों ने अभी ग्राहकों पर पूरा बोझ नहीं डाला है। पहले मई में लागत बढ़ने पर कई चरणों में करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन जून से दाम लगभग स्थिर हैं। वहीं प्राइवेट रिटेलर नायरा एनर्जी ने हाल ही में पेट्रोल पर 5 रुपये और डीजल पर 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। बढ़ते इंटरनेशनल रेट का असर ग्राहकों तक पहुंचाने वाली यह शुरुआती कंपनियों में से एक रही।

महानगरों में आज के रेट

आज मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर रहा। पिछले कुछ दिनों से मुंबई में पेट्रोल 111.18 से 111.21 रुपये के बीच ही बना हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये, कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये, चेन्नई में 107.77 रुपये, बेंगलुरु में 111.68 रुपये और लखनऊ में 101.86 रुपये प्रति लीटर रहा।

अमेरिका में घटा भंडार

अमेरिका के एनर्जी इन्फॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक 2 अक्टूबर को खत्म हफ्ते में वहां कच्चे तेल का भंडार 32 लाख बैरल घटकर 424.1 मिलियन बैरल रह गया, जबकि अनुमान 17 लाख बैरल घटने का था। डीजल और जेट फ्यूल के स्टॉक में भी कमी आई है, जिससे कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है। फिलहाल सरकारी कंपनियों ने दाम नहीं बढ़ाए हैं, लेकिन अगर कच्चे तेल में तेजी बनी रही तो आने वाले दिनों में घरेलू बाजार में भी पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here