पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने कपिल शर्मा के शो में अपने बचपन से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि यह बात करीब 1973-74 की है, जब उनके पिता उन्हें दूध-जलेबी खाने के लिए 25 पैसे यानी चवन्नी दिया करते थे। उन्होंने कहा कि कई बार ज्यादा जलेबी खाने का मन करता था। हमें पता चला कि श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के समय लोग चवन्नी, अठन्नी और अन्य सिक्के छोड़ जाते हैं। इसके बाद मैं दोस्तों के साथ रात को श्मशान घाट जाता था और वहां पड़े सिक्के इकट्ठा करके उन पैसों से दूध-जलेबी खाता था।
सिद्धू ने बताया कि कुछ समय बाद पंडित को इसकी जानकारी हो गई और उन्होंने हमें सिक्के उठाने से रोक दिया। बाद में पंडित खुद ही वहां पड़े सिक्के इकट्ठा करने लग पड़े।पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी पोती आरिया सिद्धू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो में उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू पहली बार अपनी पोती से बात करती नजर आ रही हैं। वहीं सिद्धू अपने मजाकिया अंदाज में नजर आए। वीडियो में नवजोत कौर नन्हीं आरिया को आंखें खोलने के लिए कहती हैं। इस पर नवजोत सिंह सिद्धू मजाकिया अंदाज में कहते हैं, यह कोई नवजोत सिद्धू थोड़ी है, जो तुम्हारी बात मानेगा। उनके इस अंदाज से माहौल खुशनुमा हो जाता है।
क्रिकेट के जुनून में बीता बचपन
20 अक्टूबर 1963 को पटियाला पंजाब में जन्मे नवजोत सिंह सिद्धू का बचपन क्रिकेट के जुनून में बीता। उनके पिता भगवंत सिंह खुद एक मशहूर क्रिकेटर थे, जिनसे सिद्धू ने क्रिकेट का पहला पाठ सीखा। सिद्धू ने अपनी मुख्य शिक्षा पटियाला के यादविंद्रा पब्लिक स्कूल से की। पढ़ाई के साथ-साथ उनका मन हमेशा क्रिकेट के मैदान में जमा रहता था। कालेज पहुंचने तक सिद्धू की पहचान एक होनहार बल्लेबाज के रूप में बन चुकी थी। आगे चलकर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई और देश का नाम रोशन किया।
दोस्ती प्यार में बदली
सिद्धू की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। कालेज के दिनों में वह नवजोत कौर को पहली नजर में ही पसंद करने लगे थे। वह घंटों कॉलेज के बाहर धूप में सिर्फ उन्हें देखने के लिए खड़े रहते थे। उस समय नवजोत कौर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थीं। दोनों के बीच धीरे-धीरे दोस्ती हुई और समय के साथ यह रिश्ता और गहरा होता गया। लंबे इंतजार और समर्पण के बाद सिद्धू ने उन्हें प्रपोज किया। शादी से पहले सिद्धू ने नवजोत कौर की जन्म कुंडली मिलवाई और जब 36 में से पूरे 36 गुण मिले तो दोनों ने शादी कर ली।












