मुंबई: बॉलीवुड सितारों को धमकी मिलने का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। अमिताभ बच्चन, तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना के बाद अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिली है। जानकारी सामने आते ही मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, यह धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड आरोपी जीशान अख्तर ने दी है। जीशान अख्तर उर्फ मोहम्मद यासीन अख्तर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जाता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी किस जरिए दी गई और इसके पीछे मकसद क्या था।
बाबा सिद्दीकी से क्या है कनेक्शन?
बाबा सिद्दीकी की फिल्मी सितारों से काफी नजदीकी थी। वह हर साल अपनी इफ्तार पार्टी में सलमान खान, शाहरुख खान समेत कई बड़े कलाकारों को बुलाते थे। 24 अक्टूबर 2024 की रात बांद्रा में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर उन पर गोलीबारी हुई थी। रात करीब साढ़े नौ बजे हुए इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और लीलीवती अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
इस हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनमोल बिश्नोई, जीशान अख्तर और शुभम लोंकर को मुख्य वांटेड आरोपी बताया गया है। अब सैफ को धमकी के मामले में भी उसी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है।
सितारों पर लगातार निशाना
लॉरेंस गैंग लंबे समय से सलमान खान को धमकी देता रहा है। उनके घर पर फायरिंग भी हो चुकी है। इसके बाद निर्देशक रोहित शेट्टी के घर और कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर भी हमला हुआ। पिछले महीने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर भी हमला हुआ था। मुंबई में फुटबॉल ग्राउंड से बाहर निकलते वक्त उनकी गाड़ी पर दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इसमें टाइगर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य शख्स घायल हो गया था। इस हमले के दोनों आरोपियों को करीब 26 घंटे में ही पकड़ लिया गया था।
टाइगर पर हमले के बाद कई सितारों को धमकियां मिलीं। आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर से फिरौती मांगी गई। अमिताभ बच्चन के घर जलसा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई। सूत्रों के मुताबिक, टाइगर पर हमले से पहले आरोपियों ने आमिर खान के घर की रेकी भी की थी। रणवीर सिंह और अक्षय कुमार के भी निशाने पर होने की बात सामने आई थी।
पिछले साल सैफ पर हुआ था हमला
यह पहली बार नहीं है जब सैफ अली खान निशाने पर आए हैं। पिछले साल जनवरी में उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया था। रात करीब दो बजे चोरी के इरादे से घुसे आरोपी ने हाथापाई के दौरान उन पर वार किया था। घायल सैफ को ऑटो रिक्शा से अस्पताल ले जाया गया था। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब ताजा धमकी के बाद पुलिस ने सैफ की सुरक्षा की समीक्षा शुरू कर दी है।












