Delhi-UP Weather: मॉनसून की विदाई के बाद फिर बदला मौसम, 18 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का IMD अलर्ट जारी

0
9

नई दिल्ली: मॉनसून की विदाई के बाद जहां उत्तर भारत में मौसम साफ होने लगा था, वहीं अब एक बार फिर बारिश का दौर लौटने वाला है। हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी राज्यों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत देश के 18 राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में 6 से 9 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है। कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 11 अक्टूबर के दौरान मौसम खराब रहने का अनुमान है। उत्तराखंड के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-UP में भी बारिश के आसार

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 6 से 11 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इस दौरान मौसम बदलने का अनुमान है, जबकि पूर्वी यूपी में 6 से 10 अक्टूबर तक बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर समेत कई शहरों में बारिश देखने को मिल सकती है।

मध्य भारत और पूर्वी राज्यों में भी बारिश

मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 10 और 11 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 6 से 10 अक्टूबर तक हल्की बारिश के आसार हैं। विदर्भ में भी 6 और 7 अक्टूबर को मौसम खराब रह सकता है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बिहार में 6 से 9 अक्टूबर और ओडिशा में 6 से 11 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। कई जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

दक्षिण और पूर्वोत्तर में भी अलर्ट

कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। केरल, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, गोवा और कोंकण क्षेत्र में भी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में 10 अक्टूबर तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here