BJP ने जारी की राज्य प्रभारियों की लिस्ट, स्मृति ईरानी को हरियाणा-छत्तीसगढ़ और बंसल को मिली बंगाल-तेलंगाना की जिम्मेदारी

0
7
BJP releases list of state in-charges; Smriti Irani gets responsibility for Haryana and Chhattisgarh
Pinterest

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में कई बड़े चेहरों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। लेकिन इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की वापसी को लेकर है। पार्टी ने स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया है।

उनके साथ छत्तीसगढ़ में सिद्धार्थ शंभू और हरियाणा में डॉ. भोला सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बंगाल में उनके साथ लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा सह-प्रभारी होंगे, जबकि तेलंगाना में अभय पाटिल और रेखा शर्मा उनका साथ देंगे।

उत्तर प्रदेश में किसे मिली जिम्मेदारी 

उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में विनोद तावड़े के प्रभारी पद पर पार्टी ने फिर से मोहर लगा दी है। उनके साथ यूपी में जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप शर्मा और अनंत ओझा सह-प्रभारी बनाए गए हैं। इसके अलावा राम माधव को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। उत्तराखंड में उनके साथ अरविंद मेनन और सांसद बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी बनाया गया है, जबकि तमिलनाडु में निर्मल कुमार सुराणा और डी.के. अरुणा को यह जिम्मा दिया गया है।

राजधानी दिल्ली में भी किया गया बदलाव 

राजधानी दिल्ली में भी बदलाव किया गया है। डॉ. विनय सहस्रबुद्धे को दिल्ली बीजेपी का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शना जरदोश को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। लिस्ट में अन्य नियुक्तियों की बात करें तो हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक, डॉ. सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब, बैजयंत जय पांडा को महाराष्ट्र, तरुण चुघ को गुजरात, डी. पुरंदेश्वरी को ओडिशा और संजय भाटिया को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा अनिल एंटनी को नगालैंड का प्रभारी और गोवा का सह-प्रभारी बनाया गया है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बीजेपी ने यह नई टीम तैयार की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here