दिल्ली के दरवाजे पर ट्रैफिक पुलिस का पहरा, 609 प्रदूषणकारी वाहन लौटाए बैरंग

0
7

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की दमघोंटू हवा को साफ रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अब दिल्ली की सीमाओं पर सख्त पहरा बैठा दिया है। प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उत्तरी रेंज की ट्रैफिक पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि दिल्ली में दाखिल होने की तैयारी कर रहे 609 गैर-अनुपालन वाले वाहनों को सीमा से ही वापस लौटना पड़ा। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश है कि ग्रैप के नियमों को तोड़कर दिल्ली में प्रवेश करना अब आसान नहीं होगा।

ग्रैप नियमों के तहत दिल्ली की सीमाओं पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें तैनात

दिल्ली सरकार की ओर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत बीएस-6 से कम उत्सर्जन मानक वाले वाहनों के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंधों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उत्तरी रेंज की ट्रैफिक पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में जांच अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत विशेष प्रवर्तन टीमों को दिल्ली के विभिन्न प्रवेश मार्गों और सीमा बिंदुओं पर तैनात किया गया है।

7,657 वाहनों की जांच में मानकों का उल्लंघन करने वाले 609 वाहन सीमा से लौटाए

उत्तरी रेंज के पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. सचिन कुमार सिंघल के दिशा-निर्देशों पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान 31 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे से 2 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक कुल 7,657 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान निर्धारित उत्सर्जन मानकों और प्रतिबंधों का पालन नहीं करने वाले 609 वाहनों को दिल्ली की सीमा से ही वापस भेज दिया गया। यानी इन वाहनों को राजधानी की सड़कों तक पहुंचने का मौका ही नहीं दिया गया।

प्रदूषण रोकने के लिए सख्ती जारी रहेगी, नियम तोड़ने वालों के लिए दिल्ली के दरवाजे बंद

ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य प्रदूषणकारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाना और राजधानी की हवा में वाहनों से निकलने वाले धुएं के योगदान को कम करना है। पुलिसकर्मियों ने सीमा पर आने वाले वाहनों की जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की। उत्तरी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। डीसीपी का संदेश साफ है—दिल्ली में आना है तो प्रदूषण के नियम मानने होंगे। स्वच्छ हवा की लड़ाई में नियम तोड़ने वालों के लिए राजधानी के दरवाजे बंद हैं।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here