लखनऊ: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है, जहाँ मां की मौत के तुरंत बाद ही संपत्ति और इलाज पर हुए खर्च को लेकर छह बेटियां आपस में भिड़ गईं। लोहरा गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। वृद्ध मां का शव घर के भीतर पड़ा रहा और बेटियां पैसों व जमीन के बंटवारे को लेकर आपस में उलझती रहीं। विवाद इतना बढ़ गया कि स्थानीय ग्रामीणों और पड़ोसियों को बीच-बचाव के लिए पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुँची और सभी पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
बीमारी के बाद मां का निधन
लोहरा गांव की रहने वाली 105 वर्षीया चौरासी देवी, पत्नी स्व. रामनवल, पिछले करीब तीन महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उनका इलाज अतरौलिया स्थित अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान वृद्धा की मौत हो गई। निधन की खबर मिलते ही उनकी छह बेटियां मायके पहुँचीं। आरोप है कि सांत्वना व्यक्त करने और अंतिम संस्कार की तैयारी करने के बजाय, बेटियों में वृद्धा के इलाज में हुए खर्च और पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई।
शव का पोस्टमार्टम
मां का पार्थिव शरीर घर में पड़ा होने के बावजूद बेटियों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद होता देख पड़ोसी दंग रह गए। स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीणों ने अतरौलिया थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीतापुर में भी संपत्ति के चक्कर में भाई की हत्या
उत्तर प्रदेश में संपत्ति के लोभ में रिश्तों के कत्ल का यह कोई पहला मामला नहीं है। हाल ही में सीतापुर जिले से भी ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया था, जहाँ संपत्ति के विवाद में बहनों ने अपने ही इकलौते भाई इब्राहिम की साजिशन हत्या करवा दी थी। मृतक की पत्नी साबिदा के आरोपों के अनुसार, संपत्ति हड़पने के लिए उसके पति को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। जून में लापता हुए इब्राहिम का शव शारदा सहायक नहर से बरामद हुआ था। अदालत के कड़े हस्तक्षेप के बाद महमूदाबाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।












