मिठाइयों में मिलावट का मीठा कारोबार बेनकाब, 360 किलो रसगुल्ले कूड़ेदान में

0
7

नोएडा: दीपावली का त्योहार करीब आते ही मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है लेकिन त्योहार की मिठास में मिलावट और गंदगी का जहर घोलने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों और गोदामों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

360 किलो दूषित रसगुल्ले कराए गए नष्ट

छापेमारी के दौरान देवला गांव में मिठाई के गोदाम में रखे रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने पर टीम ने करीब 300 किलोग्राम रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट करा दिए। वहीं दनकौर क्षेत्र के गढ़ी बावन बीघा में भी 60 किलोग्राम छेना रसगुल्ला मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मिलने पर नष्ट कराया गया। इस तरह विभाग ने कुल 360 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट कराए।

नौ नमूने लैब भेजे, विक्रेताओं को सख्त चेतावनी

कार्रवाई के दौरान केसर चमचम, लड्डू, दूध, छेना, रसगुल्ला और डोडा बर्फी समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल नौ नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी दी कि दुकानों और गोदामों में स्वच्छता बनाए रखें तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करें।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here