नशे के साम्राज्य पर दिल्ली पुलिस का महावार! दिल्ली से झारखंड तक फैले हेरोइन नेटवर्क का पर्दाफाश

0
8

नई दिल्ली: नशे के काले कारोबार के खिलाफ रोहिणी जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश और झारखंड तक फैले अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी एवं निर्माण नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 60 करोड़ रुपये मूल्य की 8.128 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। कार्रवाई में हेरोइन बनाने का कच्चा माल 12.81 लाख रुपये नकद तीन एसयूवी और एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

बेगमपुर से शुरू हुई कार्रवाई, कई राज्यों तक पहुंची जांच

रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि विशेष स्टाफ की टीम ने बेगमपुर के सेक्टर-32 में घेराबंदी कर लक्ष्मण हुड्डा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये बरामद हुए। अगले दिन सोनीपत से अनिल उर्फ भोला पकड़ा गया जिसके वाहन से 501 ग्राम हेरोइन मिली। वह पहले से मादक पदार्थों के एक मामले में घोषित भगोड़ा था।

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस लखनऊ के सीतापुर कॉलोनी, जानकीपुरम स्थित कथित हेरोइन निर्माण केंद्र तक पहुंची। चार अक्टूबर को बाबलू को गिरफ्तार कर 6.275 किलोग्राम तैयार हेरोइन बरामद की गई। मौके से 2.504 किलोग्राम सोडियम 787 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड और नशीला पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले। इसके बाद कथित मुख्य सप्लायर और निर्माण केंद्र के मालिक रुकसार अली उर्फ राजू को बरेली से पकड़ा गया।

अफीम की खेती से हेरोइन की सप्लाई तक खुली कड़ी

जांच में छह अक्टूबर को अजाज अहमद और 16 अक्टूबर को मोहम्मद अजहर की गिरफ्तारी हुई। इनके पास से क्रमशः 501 ग्राम और 551 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। 18 अक्टूबर को पुलिस ने झारखंड के नक्सल प्रभावित चतरा जिले से प्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया। उस पर अवैध अफीम की खेती और कच्चे अफीम की आपूर्ति में शामिल होने का आरोप है।

विशेष स्टाफ की टीम ने निभाई अहम भूमिका

यह कार्रवाई निरीक्षक संदीप गोदारा के नेतृत्व में तथा एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह की निगरानी में की गई।पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here