कर्ज नहीं चुका पाई महिला तो किया अगवा, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर दी धमकी; 3 आरोपी गिरफ्तार

0
6
Bengaluru crime, loan interest dispute, kidnapping case, woman assaulted, video threat
pinterest

नई दिल्ली: बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कर्ज की रकम न चुका पाने पर एक महिला को अगवा किया गया और उसे बंधक बनाकर, उसके साथ मारपीट की गई है। आरोप है कि महिला को काम दिलाने के बहाने बुलाया गया और फिर उस पर हमला कर जबरन ऑटो में बैठा लिया गया। इसके बाद उसे एक घर में ले जाकर बंधक बनाया गया। वहीं पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला? 

पुलिस के अनुसार, महिला ने करीब दो साल पहले रेशमा बानू से एक लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बाद रेशमा के जरिए उसने नाज़थ से भी 50 हजार रुपये लिए। हालांकि आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण महिला कई महीनों से ब्याज नहीं चुका पा रही थी। इसके साथ ही वह करीब दो महीने से वह कर्ज की किस्त भी नहीं दे सकी थी। पैसे नहीं चुका पाने के बाद महिला ने रेशमा का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया और अपनी मां के घर चली गई। इसके बाद नाज़थ ने कथित तौर पर उससे संपर्क किया। आरोप है कि उसने महिला को काम दिलाने का झांसा दिया और मिलने के लिए बुलाया।

घर बुलाकर मारपीट करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, महिला जब वहां पहुंची तो रेशमा और उसका पति सुहैल भी मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान महिला पर चाकू से हमला किया गया और उसे जबरन ऑटो रिक्शा में बैठा लिया गया। इसके बाद महिला को कुंबलगोडु के पास एक घर में ले जाया गया, जहां  उसे बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला के कपड़े उतारकर उसका नग्न वीडियो भी बनाया। कथित तौर पर उसे धमकी दी गई कि अगर उसने कर्ज की रकम नहीं लौटाई तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।

शिकायत के बाद पुलिस ने बचाया

महिला के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस उस जगह तक पहुंच गई, जहां महिला को कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया था। इसके बाद पुलिस ने महिला को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। बता दें, इस मामले में रेशमा बानू, उसके पति सुहैल और नाज़थ को गिरफ्तार किया गया है। चंद्र लेआउट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में तीनों की क्या भूमिका थी और महिला को कितने समय तक बंधक बनाकर रखा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here