साइबर फ्रॉड का खौफनाक खेल, कॉल उठाते ही बना न्यूड VIDEO, वायरल करने की धमकी देकर ठगे 50 लाख

0
6

नई दिल्ली: गुजरात के अहमदाबाद में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक निजी कंपनी में काम करने वाले 26 साल के युवक को अनजान नंबर से आए एक न्यूड वीडियो कॉल ने 50 लाख रुपये के जाल में फंसा दिया। ठगों ने पहले अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी और फिर खुद को दिल्ली साइबर क्राइम का अधिकारी बताकर गिरफ्तारी का डर दिखाया। वहीं इस डर के चलते युवक 49.78 लाख रुपये ट्रांसफर कर बैठा।

व्हाट्सएप पर आया था न्यूड वीडियो कॉल

पीड़ित के मुताबिक, घटना 3 सितंबर 2026 की रात की है। वह घर पर मोबाइल चला रहा था, तभी उसके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई। कॉल उठाते ही स्क्रीन पर एक युवती आपत्तिजनक हालत में दिखी। युवक ने तुरंत कॉल काट दिया और नंबर को ब्लॉक कर दिया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उसका वीडियो रिकॉर्ड हो गया है और अगर पैसे नहीं दिए तो उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। डराने के लिए उसे एक वीडियो भी भेजा गया, जिसे युवक ने डिलीट कर दिया।

खुद को बताया दिल्ली साइबर क्राइम का अधिकारी

बता देंं, इस घटना के बाद  तीन हफ्ते तक सब शांत रहा, लेकिन 27 सितंबर को फिर से ठगों ने संपर्क किया। इस बार एक शख्स ने खुद को दिल्ली साइबर क्राइम ब्रांच का अधिकारी संजय अरोड़ा बताया। उसने कहा कि युवक के खिलाफ न्यूड वीडियो का केस दर्ज हुआ है और इसमें 7 साल की सजा हो सकती है। गिरफ्तारी की बात सुनते ही युवक घबरा गया।

इसी दौरान उसकी बात हेमंत मल्होत्रा नाम के एक अन्य व्यक्ति से कराई गई, जिसने खुद को यूट्यूब का अधिकारी बताया। उसने दावा किया कि युवक के नाम से दो अश्लील वीडियो प्लेटफॉर्म पर अपलोड हुए हैं, जिन्हें हटाने के लिए 71,250 रुपये देने होंगे।

धमकी देकर वसूले लाखों रुपये

शुरुआत में छोटी रकम से शुरू हुआ यह खेल धीरे-धीरे बड़ा होता गया। ठग कभी वीडियो वायरल कर करियर बर्बाद करने की धमकी देते तो कभी केस दर्ज कर जेल भेजने का डर दिखाते। डर के कारण युवक उनके बताए अलग-अलग बैंक खातों में पैसे भेजता रहा। इस तरह धीरे-धीरे उससे कुल 49.78 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। रकम लेने के बाद भी जब ठगों की मांग नहीं रुकी, तब युवक को एहसास हुआ कि वह बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो गया है। इसके बाद उसने अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी डिटेल निकाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गैंग में और कितने लोग शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here