पटना: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 25 साल के बेटे ने सूखे नशे की लत के कारण अपने पिता की हत्या कर दी। पैसे मांगने पर पिता के मना करने से गुस्साए बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जब मां बचाने पहुंचीं तो उन पर भी वार किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना नशे की लत से परिवार में होने वाली हिंसा की गंभीर तस्वीर पेश करती है।
कैसे हुई यह घटना
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर मस्जिद के पास का है। मृतक का नाम मोहम्मद इस्लाम है। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद अरमान पिछले कई दिनों से सूखे नशे की गिरफ्त में था और अक्सर नशे में धुत घर लौटता था। बीती रात भी वह नशा करके आया। कुछ देर बाद उसने पिता से नशे के लिए पैसे मांगे। पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो दोनों में विवाद शुरू हो गया। गुस्से में अरमान ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पिता पर हमला बोल दिया। इससे मोहम्मद इस्लाम गंभीर रूप से घायल हो गए।
मां को भी नहीं छोड़ा
पिता पर हमला होते देख मां बीच-बचाव के लिए दौड़ीं। आरोप है कि बेटे ने गुस्से में मां पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया जिससे वे भी घायल हो गईं। घर से हो रहे शोर को सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने पिता की हालत नाजुक देखकर उन्हें पटना रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शव को वापस लाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
आरोपी मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। सदर डीएसपी दुर्गेश कुमार ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। आरोपी की मां ने बताया कि बेटा नशे का आदी था और बार-बार पैसे मांगता रहता था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सिर्फ पैसे का विवाद था या कोई और वजह भी है। आरोपी से पूछताछ जारी है। इस घटना ने नशे की लत से परिवारों में बढ़ती हिंसा पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।












