जयपुर: जयपुर में एक घर की रात ऐसी खौफनाक घटना में बदल गई, जिसका अंदाजा शायद वहां सो रहे किसी भी सदस्य को नहीं था. पुलिस के मुताबिक, देर रात घर में मौजूद एक शख्स ने पत्थर से अपनी पत्नी और तीन बेटियों पर हमला कर दिया. सुबह होते-होते उसी घर में चार शव मिले. मृतकों में महिला और उसकी तीन बेटियां शामिल हैं. इस वारदात का आरोप परिवार के मुखिया और तीनों बेटियों के पिता राहुल झा पर लगा है.
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, कथित हत्या के बाद भी राहुल झा का व्यवहार सामान्य रहा. आरोप है कि सुबह उसने दूध लिया, घर लौटकर अपने बुजुर्ग पिता के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई. इसके बाद वह घर से निकल गया और अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
घर में मिले पत्नी और तीन बेटियों के शव
मामला जयपुर के करधनी इलाके के गोविंद वाटिका का है. शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को एक घर में चार लोगों की हत्या की सूचना मिली. जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की. पहली मंजिल के एक कमरे में राहुल झा की पत्नी गीता झा का शव मिला. इसके बाद पुलिस ग्राउंड फ्लोर पर पहुंची, जहां दो अलग-अलग कमरों में उनकी तीन बेटियों के शव पड़े मिले. मृतकों की पहचान 23 वर्षीय नंदिनी, 18 वर्षीय राधिका और 14 वर्षीय गौरी के रूप में हुई.
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर सामने आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका है कि वारदात देर रात हुई. पुलिस का कहना है कि उस समय चारों गहरी नींद में थीं.
पत्थर से हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, राहुल झा ने कथित तौर पर सोते समय चारों पर पत्थर से हमला किया. सभी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. घटनास्थल से पुलिस को एक पत्थर भी मिला है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है. जांच अधिकारी अब मौके से मिले सबूतों के आधार पर रात से लेकर सुबह तक की पूरी घटना को समझने की कोशिश कर रहे हैं.
हत्या के बाद पिता के लिए बनाई चाय
इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात हत्या के बाद का कथित घटनाक्रम है. पुलिस जांच के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे राहुल दूध लेने गया था. इसके बाद वह घर वापस आया और अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई. उसने उन्हें चाय पिलाई और फिर घर से निकल गया. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद राहुल वहां से फरार हो गया. जिस घर में कुछ घंटे पहले चार लोगों की जान चली गई थी, वहां सुबह की यह सामान्य गतिविधि जांच का अहम हिस्सा बन गई है.
शेयर ट्रेडिंग और उधार के पैसों की भी जांच
जांच में पता चला है कि राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था और कुछ दिन पहले ही गुजरात से जयपुर लौटा था. उसकी पत्नी गीता झा घर की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थीं. बड़ी बेटी नंदिनी पढ़ाई के साथ निजी नौकरी भी करती थी.
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटना से करीब तीन दिन पहले राहुल ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला से 25 हजार रुपये उधार लिए थे. अब इस जानकारी को भी जांच से जोड़ा जा रहा है. पुलिस आर्थिक परेशानी, शेयर ट्रेडिंग में संभावित नुकसान और पारिवारिक विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है. फिलहाल हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं है और आरोपी राहुल झा की तलाश जारी है.











