नई दिल्लीः रिश्तों को लेकर अब तक आपने पति-पत्नी या दो लोगों की पार्टनरशिप के बारे में ही सुना होगा, लेकिन अमेरिका के एक शहर ने इस सोच से आगे बढ़कर नया कदम उठाया है। यहां अब तीन या चार लोग भी एक साथ अपने रिश्ते को कानूनी पहचान दिला सकेंगे। यह फैसला अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित वेस्ट हॉलीवुड शहर में लिया गया है। नए कानून के बाद पॉलीमोरस रिलेशनशिप में रहने वाले लोगों के लिए डोमेस्टिक पार्टनर के रूप में रजिस्ट्रेशन कराने का रास्ता खुल गया है।
क्या है पूरा मामला?
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, 3 नवंबर को वेस्ट हॉलीवुड की सिटी काउंसिल ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इस कानून को शहर के मेयर जॉन हेइलमैन ने पेश किया था। इसके तहत अब दो से ज्यादा लोग, जो आपसी सहमति से एक रिश्ते में हैं, वे सिटी क्लर्क के पास जाकर डोमेस्टिक पार्टनर के रूप में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसका साफ मतलब ये है कि अब तीन लोगों का रिश्ता यानी थ्रपल या चार लोगों का रिश्ता भी सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज हो सकेगा। हालांकि, इसके लिए सभी पार्टनर्स की सहमति जरूरी होगी।
रजिस्ट्रेशन के बाद मिलेंगे ये अधिकार
इस कानून का मकसद ऐसे रिश्तों में रहने वाले लोगों को कुछ जरूरी कानूनी सुरक्षा देना है। रजिस्ट्रेशन के बाद अगर किसी एक पार्टनर को अस्पताल में भर्ती कराया जाता है, तो दूसरे पार्टनर्स को उससे मिलने का अधिकार मिल सकेगा। इसके अलावा जेल में मुलाकात और किराए के मकान से जुड़ी कुछ सुरक्षा भी मिलेगी। मकान मालिक केवल इस आधार पर किरायेदारी खत्म नहीं कर सकेगा कि घर में दो से ज्यादा पार्टनर एक साथ रह रहे हैं। खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए वेस्ट हॉलीवुड का निवासी होना भी जरूरी नहीं है। दूसरे शहरों में रहने वाले लोग भी यहां अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
क्या इसे शादी के बराबर माना जाएगा?
इस कानून को शादी की तरह समझना सही नहीं होगा। डोमेस्टिक पार्टनर के रूप में रजिस्ट्रेशन कराने से लोगों को शादी के सभी कानूनी अधिकार नहीं मिलेंगे। उदाहरण के लिए, विरासत, टैक्स में छूट और शादी से जुड़े दूसरे आर्थिक लाभ इस व्यवस्था में अपने आप शामिल नहीं होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य रिश्ते को एक कानूनी पहचान देना और कुछ जरूरी परिस्थितियों में पार्टनर्स को सुरक्षा देना है।
रजिस्ट्रेशन के लिए किन बातों का रखना होगा ध्यान?
जब भी रजिस्ट्रेशन करना होगा तो इन बातों और शर्तों को ध्यान रखना होगा, जैसे की सबसे पहले, रिश्ते में शामिल सभी लोगों की आपसी सहमति होनी बहुत जरूरी होनी चाहिए। दूसरी शर्त यह है कि पार्टनर्स के बीच खून का रिश्ता नहीं होना चाहिए। यानी कोई भी व्यक्ति दूसरे की इच्छा के बिना इस तरह की पार्टनरशिप में शामिल नहीं हो सकता है।
फैसले पर बंटी लोगों की राय
वेस्ट हॉलीवुड के इस फैसले ने रिश्तों और परिवार की परिभाषा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे अपनी पसंद से रिश्ता चुनने की आजादी बता रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि इससे पारंपरिक पारिवारिक व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। हालांकि, वेस्ट हॉलीवुड ऐसा फैसला लेने वाला अमेरिका का पहला शहर नहीं है। इससे पहले भी कुछ अमेरिकी शहर पॉलीमोरस रिश्तों को कानूनी पहचान देने की दिशा में कदम उठा चुके हैं।












