नई दिल्ली: कॉर्पोरेट ऑफिस में किसी कर्मचारी की मेहनत का पैमाना क्या होना चाहिए? उसका काम और नतीजे या फिर ऑफिस में बिताए गए घंटे? गुरुग्राम की कंपनी ‘नॉट डेटिंग’ (Knot Dating) के CEO जसवीर सिंह ने इसी सवाल को उठाते हुए कॉर्पोरेट वर्क कल्चर पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में उन्होंने बताया कि कैसे कई कंपनियों में काम करने से ज्यादा व्यस्त नजर आना जरूरी हो गया है। उनके मुताबिक, भारत में असल में देर तक काम करने की नहीं, बल्कि देर तक ऑफिस में बैठे रहने की संस्कृति है।
जसवीर ने बताया कि कई दफ्तरों में कर्मचारी पूरे दिन लैपटॉप खोले रखते हैं और मीटिंग्स में व्यस्त दिखाई देते हैं। इसके बीच चाय, लंबा लंच और स्मोक ब्रेक भी चलते रहते हैं। शाम होने पर लोग दिन को काफी थकाऊ बताते हैं, लेकिन यह नहीं सोचते कि आखिर उस दौरान कितना जरूरी काम पूरा हुआ। उनका कहना है कि ऑफिस में मौजूद रहना और वास्तव में काम करना दो अलग-अलग बातें हैं।
India doesn’t have a culture of working long hours. We have a culture of sitting in the office for long hours. There’s a difference. Walk into almost any office – Everyone looks busy. Laptops open, calendars packed, endless meetings, tea breaks, extended lunches, smoke breaks and occasional scrolling. By evening, everyone has had a hectic day. Now ask a slightly uncomfortable question – What exactly did you produce today? Being busy and being productive are two very different things – If your boss sits till 9 PM, you feel uncomfortable leaving at 7 even when your work is done. The moment the boss gets up, everyone suddenly remembers they have homes. That’s not productivity. That’s theatre. Person A finishes a job in 5 hours and leaves. Person B takes 9 hours to finish the same job. Somehow, Person B is considered more hardworking. We’ve created a system that rewards inefficiency and penalises efficiency. Employees learn the game quickly. Don’t work more, just look like you’re working more. Looking busy is not work, staying late is not productivity, and sitting in an office for 10 hours doesn’t mean you worked for 10 hours. It just means you sat there for ten hours. Productivity should be measured by what you accomplish, not how long you occupy a chair.
— Jasveer Singh (@jasveer10) November 18, 2026
काम से ज्यादा ऑफिस में रुकने पर मिलता है महत्व
CEO ने इस सोच का एक आम उदाहरण भी दिया। कई कर्मचारी अपना काम पूरा करने के बाद भी घर जाने से बचते हैं, क्योंकि उनके बॉस ऑफिस में मौजूद होते हैं। अगर मैनेजर रात 9 बजे तक बैठा है, तो कर्मचारी भी जल्दी निकलने में झिझकते हैं। लेकिन बॉस के जाते ही बाकी लोग भी घर जाने लगते हैं। जसवीर के मुताबिक, यह काम के प्रति समर्पण नहीं, बल्कि व्यस्त दिखने का दिखावा है। उन्होंने दो कर्मचारियों का उदाहरण देकर समझाया कि कैसे कंपनियां काम के नतीजों के बजाय समय को महत्व देती हैं। मान लीजिए, एक कर्मचारी किसी काम को पांच घंटे में पूरा कर लेता है, जबकि दूसरे को उसी काम में नौ घंटे लगते हैं। काम का नतीजा समान होने के बावजूद दूसरे कर्मचारी को अधिक मेहनती समझा जाता है। जसवीर का मानना है कि ऐसी व्यवस्था तेज काम करने वालों को हतोत्साहित करती है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने भी उठाए सवाल
जसवीर ने साफ कहा कि व्यस्त दिखना और उत्पादक होना एक जैसी बातें नहीं हैं। ऑफिस में 10 घंटे बिताने का यह मतलब नहीं कि पूरे 10 घंटे काम किया गया। उनके मुताबिक, कर्मचारियों का मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि उन्होंने क्या हासिल किया, न कि वे कितनी देर तक कुर्सी पर बैठे रहे। उनकी पोस्ट पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने अनुभव साझा किए। एक यूजर ने कहा कि कई मीटिंग्स सिर्फ अगली मीटिंग का समय तय करने में निकल जाती हैं। दूसरे ने सुझाव दिया कि काम के घंटों के बजाय जिम्मेदारी और नतीजों को महत्व मिलना चाहिए। कुछ लोगों ने बताया कि कर्मचारी काम न होने पर भी सोशल मीडिया देखते रहते हैं या कीबोर्ड पर उंगलियां चलाकर व्यस्त होने का नाटक करते हैं। आईटी सेक्टर से जुड़े एक यूजर ने बताया कि एक डेवलपर ने क्लाइंट डेमो के लिए एक ही दिन में नए फीचर तैयार किए, लेकिन उसकी तारीफ करने के बजाय समय से घर जाने पर सवाल उठाए गए। इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि कई कर्मचारी भी इस कार्य संस्कृति से परेशान हैं।












