घर पर बिना मशीन के ऐसे निकालें शुद्ध तिल का तेल, सर्दियों में आएगा खूब काम

0
10

नई दिल्ली: सर्दियों का मौसम आते ही तिल से बनी चीजों की मांग बढ़ जाती है। तिल के लड्डू से लेकर तिल की चिक्की तक, लोग कई तरह से इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं। इसके अलावा तिल का तेल भी खाने और मालिश के लिए इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, बाजार में मिलने वाले तेल की शुद्धता और कीमत को लेकर कई बार लोगों के मन में सवाल रहते हैं। ऐसे में आप घर पर भी सफेद तिल की मदद से तेल निकालने का तरीका आजमा सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए किसी बड़ी मशीन की जरूरत नहीं होती।

घर पर तिल का तेल बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती। इसके लिए 700 ग्राम सफेद तिल, जरूरत के अनुसार गर्म पानी, एक बड़ी कड़ाही, मिक्सर-ग्राइंडर, छन्नी और एक बड़ा बर्तन लें। तैयार तेल को सुरक्षित रखने के लिए एक साफ और सूखी कांच की बोतल भी रख लें।सबसे पहले 700 ग्राम सफेद तिल लें और उन्हें एक बड़े बर्तन में डाल दें। अब इसमें इतना पानी मिलाएं कि सभी तिल अच्छी तरह डूब जाएं। करीब 3 मिनट तक तिल को पानी में रहने दें। इससे उनमें मौजूद धूल-मिट्टी और दूसरी गंदगी साफ करने में मदद मिलेगी। इसके बाद छन्नी से तिल का पानी निकाल दें। तिल को एक बार साफ पानी से धोकर कुछ देर के लिए छोड़ दें, ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए।

पीसने से पहले भून लें

अब एक साफ और सूखी कड़ाही में तिल डालें। शुरुआत में तेज आंच पर 3-4 मिनट तक इन्हें लगातार चलाते हुए भूनें। इसके बाद आंच धीमी कर दें और तिल को चलाते रहें, ताकि वे नीचे से जलें नहीं। करीब 10-12 मिनट में तिल हल्के सुनहरे रंग के होने लगेंगे और उनसे खुशबू आने लगेगी। इसके बाद इन्हें एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। ध्यान रखें कि तिल को बहुत ज्यादा न भूनें। तिल ठंडे हो जाएं तो उन्हें मिक्सर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में डालकर पीसें। एक बार में ज्यादा तिल डालने से बचें। बीच-बीच में मिक्सर बंद करके मिश्रण को चम्मच से चलाते रहें। धीरे-धीरे तिल का पाउडर गाढ़े और चिकने पेस्ट में बदलने लगेगा। इस प्रक्रिया में तिल अपना प्राकृतिक तेल छोड़ने लगते हैं। जब मिश्रण क्रीमी पेस्ट जैसा हो जाए, तो इसे एक बड़े बर्तन में निकाल लें।

गर्म पानी से अलग करें तेल

अब एक अलग बर्तन में पानी गर्म करें। इस गर्म पानी को तिल के पेस्ट में थोड़ा-थोड़ा करके डालें और चम्मच से लगातार चलाते रहें। कुछ समय बाद मिश्रण से तेल अलग होकर ऊपर जमा होने लगेगा। इस दौरान बर्तन को हल्का हिलाएं और मिश्रण को धीरे-धीरे दबाते रहें। जब तेल ऊपर अच्छी तरह इकट्ठा हो जाए, तो उसे सावधानी से अलग निकाल लें।

छानकर कांच की बोतल में भरें

आखिर में निकाले गए तेल को साफ छन्नी से छान लें, ताकि तिल के बारीक कण अलग हो जाएं। शुरुआत में तेल थोड़ा धुंधला दिखाई दे सकता है। इसे कुछ दिन बिना हिलाए रखने पर बारीक कण नीचे बैठ सकते हैं। इसके बाद ऊपर जमा साफ तेल को अलग किया जा सकता है। तैयार तेल को पूरी तरह साफ और सूखी कांच की बोतल में भरकर ठंडी और सूखी जगह पर रखें। ध्यान रखें कि तेल में पानी या नमी न जाने पाए। इस्तेमाल से पहले उसकी गंध और स्थिति जरूर जांच लें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here