नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो लोगों के दिल को छू रहा है। इसमें एक बेटी एक साल बाद अपनी मां से मिल रही है। दोनों के मिलने का पल इतना भावुक है कि वीडियो देखने वाले की आंखें भी नम हो जा रही हैं। यह वीडियो सिर्फ एक मुलाकात की कहानी नहीं है, बल्कि यह बताता है कि मां-बेटी का रिश्ता हजारों किलोमीटर की दूरी से भी कमजोर नहीं पड़ता।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @simrankoul14 हैंडल से शेयर किया गया है। सिमरन ने बताया कि वह जर्मनी से भारत आई हैं, जबकि उनकी मां उनसे मिलने के लिए जम्मू से दिल्ली आईं। वीडियो पर उन्होंने लिखा है, एक साल बाद अपनी मां से दोबारा मिलने से अच्छा कुछ नहीं लगता। अपनी भावनाएं शेयर करते हुए सिमरन ने लिखा कि मां के साथ कुछ दिन बिताने के लिए उनकी मां दिल्ली आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इंसान चाहे कितना भी बड़ा हो जाए या कितनी भी दूर चला जाए, मां के साथ बिताए वक्त की खुशी का कोई मुकाबला नहीं है।
दौड़कर गले लगीं मां-बेटी
वीडियो में जैसे ही मां की नजर बेटी पर पड़ती है, दोनों दौड़कर एक-दूसरे को गले लगा लेती हैं। मां की आंखों में आंसू हैं और बेटी के चेहरे पर एक साल के इंतजार के बाद मिली खुशी साफ झलक रही है। दोनों एक-दूसरे को छोड़ना ही नहीं चाहतीं। यह पल देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो जाते हैं। सिमरन ने इस वीडियो के जरिए एक बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि दूरी से उनके रिश्ते पर कोई फर्क नहीं पड़ा। हम एक साल तक नहीं मिले, लेकिन हमारा प्यार, लगाव और एक-दूसरे की चिंता पहले जैसी ही रही।
रोज करती थीं मां का हाल-चाल
आजकल अक्सर कहा जाता है कि नौकरी, पढ़ाई या बेहतर भविष्य के लिए विदेश जाने से रिश्ते कमजोर हो जाते हैं। लेकिन सिमरन की कहानी इस सोच को गलत साबित करती है। जर्मनी में रहते हुए भी सिमरन हर रोज मां का हाल पूछती थीं। वीडियो कॉल पर मां को खाना बनाते देखती थीं और उनकी दवाइयों का ध्यान रखती थीं। उधर जम्मू में मां भी बेटी के लिए हर रोज दुआएं करती थीं। यही वजह है कि एक साल बाद मिलने पर भी ऐसा नहीं लगा कि वे कभी दूर थीं।
इस रीयूनियन वीडियो ने परिवार और अपनों के साथ वक्त बिताने के महत्व को एक बार फिर याद दिला दिया है। सोशल मीडिया पर लोग इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, कितना प्यारा वीडियो है। दूसरे ने कहा, बहुत प्यारा। तीसरे यूजर ने वीडियो को क्यूट बताया। कई लोगों ने अपनी मां को याद करते हुए दिल छू लेने वाले कमेंट भी किए।












