रतिया: शहर के टिब्बा कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध श्री राम आश्रम शिव मंदिर में इस बार बाबा श्याम का जन्मदिवस बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। मंदिर कमेटी ने जन्मदिवस की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी हैं। जानकारी देते हुए मंदिर कमेटी के प्रधान विनोद बंसल ने बताया कि बाबा श्याम का जन्मदिवस समारोह 20 नवंबर, दिन शुक्रवार को रात्रि 8 बजे से शुरू होगा, जो बाबा श्याम की इच्छा तक चलेगा।
फूलों और रोशनी से सजेगा मंदिर, भजन संध्या में झूमेंगे श्रद्धालु
उन्होंने कहा कि बाबा श्याम के आशीर्वाद से हर साल की तरह इस बार भी जन्मदिवस को भव्य रूप दिया जाएगा और मंदिर को फूलों और रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। इस भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन सम्राट दीपक बाबा व अशोक लाली अपनी मधुर वाणी से बाबा श्याम के भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आएंगे।
रंजीत गर्ग करेंगे ज्योति प्रचंड, होगा अलौकिक श्रृंगार
मुख्य अतिथि समाजसेवी रंजीत गर्ग दानेवालिया ज्योति प्रचंड करेंगे। इस अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा, जिसके दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचेंगे।
भंडारे में श्रद्धालुओं को वितरित होगा प्रसाद
कार्यक्रम के दौरान बाबा का अटूट भंडारा भी चलेगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए बैठने और दर्शन की विशेष व्यवस्था
इस मौके पर कमेटी सदस्य प्रवीण सिंगला ने कहा कि बाबा श्याम का जन्मदिवस हम सबके लिए एक पर्व की तरह है। सभी श्रद्धालुओं के लिए बैठने, प्रसाद और दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
कमेटी ने धर्मप्रेमी जनता से समारोह में पहुंचने की अपील की
वहीं कमेटी सदस्य पुनीत गोयल ने सभी धर्मप्रेमी जनता से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम के जन्मदिवस समारोह में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें और भंडारे का प्रसाद ग्रहण करें।
मंदिर कमेटी और महिला मंडल के सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित केशव शास्त्री, पंडित नवीन शास्त्री, श्याम शास्त्री व श्री राम आश्रम शिव मंदिर कमेटी व महिला मंडल के सभी सदस्य उपस्थित थे।
Reported By: Rimpi Jindal












