कानून हाथ में लिया! झारखंड में रेप आरोपी की भीड़ ने पीट-पीटकर ली जान

0
6
Villagers in Jharkhand took the law into their own hands and beat a rape accused to death
Villagers in Jharkhand took the law into their own hands and beat a rape accused to death

रांची: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग से कथित दुष्कर्म के करने वाले आरोपी युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. वहीं घटना के बाद अब इलाके में तनाव का माहौल है. दोनों पक्ष अलग-अलग समुदायों से होने के कारण पुलिस ने एहतियातन गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है. फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

कब हुई थी घटना? 

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक इमरोज अंसारी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था. शिकायत में कहा गया था कि सोमवार रात नाबालिग घर से बाहर गई थी, जहां से उसका कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया. मंगलवार सुबह वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. 

आरोपी के साथ की गई मारपीट 

वहीं घटना का पता चलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. आरोप है कि भीड़ ने इमरोज अंसारी को उसके घर से बाहर निकालकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान युवक के माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें भी चोटें आई. हालांकि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वह उग्र भीड़ पर काबू नहीं पा सकी. 

हालांकि पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायल युवक को भीड़ से छुड़ाकर टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. 

ग्रामीणों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई 

पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि गांव में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मृतक के पिता की ओर से अब तक हत्या के संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।। इस बीच, स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इस घटना को प्रेम-प्रसंग से भी जोड़ रहे हैं. हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है. 

फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है. संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज कर दी गई है और वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर भीड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here