अंकित बालियान हत्याकांड: एनकाउंटर के डर से सहमा गैंगस्टर राकेश कादियान उर्फ पम्पू, खुद को किया पुलिस के हवाले

0
6
Ankit Baliyan Murder Case
X (@abhishek03tyagi)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाइयों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे एनकाउंटर अभियान की गूंज अब पड़ोसी राज्यों की जेलों में भी सुनाई देने लगी है। हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दो शूटरों के मारे जाने के बाद, इस पूरी वारदात का मुख्य साजिशकर्ता और हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर राकेश कादियान उर्फ पम्पू बुरी तरह सहम गया है। करनाल जेल में बंद पम्पू ने कोर्ट में याचिका दाखिल कर मांग की है कि जब उसे यूपी पुलिस के सुपुर्द किया जाए, तो उसे पूरी तरह बेड़ियों में जकड़कर भेजा जाए। उसने बी-वारंट के तहत यूपी पुलिस की हिरासत में रहने के दौरान हर एक मिनट की वीडियोग्राफी कराने की भी मांग की है।

मुठभेड़ की कहानी बनने से डर रहा गैंगस्टर 

सोनीपत निवासी पम्पू का खौफ इतना बढ़ गया है कि उसने कोर्ट में अजीबोगरीब गुहार लगाई है। याचिका में उसने मांग की कि कस्टडी ट्रांसफर के दौरान उसे बेड़ियों में जकड़ा जाए, ताकि पुलिस उसके भागने या एनकाउंटर की कहानी न बना सके। 
साथ ही यूपी पुलिस की हिरासत में बी-वारंट के तहत रहने के दौरान हर मिनट की वीडियोग्राफी कराने की मांग की। शामली पुलिस के बी-वारंट लेकर पहुंचते ही आरोपी की हालत पस्त हो गई।

शामली में जिम से निकलते ही मारी गई थीं 9 गोलियां 

यह सनसनीखेज वारदात 26 अगस्त की शाम शामली में अंजाम दी गई थी, जब अंकित बालियान जिम से बाहर निकल रहे थे। दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अंकित के शरीर पर नौ गोलियों के निशान मिले थे, जिनमें से चार गोलियां शरीर को पार कर गई थीं। 
वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग से जुड़े राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया ने ली थी। इसके बाद हरकत में आई यूपी एसटीएफ और शामली पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ में दो शूटरों सुमित और मोहित को ढेर कर दिया, जबकि सत्यम और आर्यन नाम के दो अन्य हमलावर अभी भी फरार हैं। 

विदेशों में रची गई थी हत्या की साजिश 

यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि अंकित बालियान की हत्या एक सु नियोजित साजिश का हिस्सा थी। इस वारदात की मुख्य पटकथा करनाल जेल में बंद पम्पू, तिहाड़ जेल में बंद गोगी गैंग के रोहित मुई और कनाडा में बैठकर गैंग चला रहे भोलू शाहपुरिया, मोंटी व चिराग ने मिलकर लिखी थी। पुलिस के मुताबिक एक यूट्यूबर के रूप में अंकित का गाना गोगी गैंग को रास नहीं आ रहा था, जिसके चलते उसे मौत के घाट उतार दिया गया। एसटीएफ एएसपी ब्रजेश सिंह ने पुष्टि की है कि पम्पू की कस्टडी लेने की प्रक्रिया जारी है और मामले में शामिल सभी अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here