नई दिल्ली: अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की कुर्सी पर खतरा मंडराने लगा है। ईरान के खिलाफ कांग्रेस की मंजूरी के बिना सैन्य कार्रवाई करने और अपने पद का गलत इस्तेमाल करने जैसे गंभीर आरोपों के चलते उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाया गया है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में इसी सप्ताह इस प्रस्ताव पर वोटिंग हो सकती है। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हेगसेथ का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि महाभियोग प्रस्ताव पारित होने के बावजूद वह रक्षा मंत्री के साथ खड़े रहेंगे।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, केंटकी के रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने सोमवार (9 नवंबर) को हेगसेथ के खिलाफ आठ आरोपों वाला महाभियोग प्रस्ताव पेश किया। इसमें बिना संसदीय मंजूरी ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने और अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। प्रस्ताव पेश होने के बाद अगले दो दिनों में प्रतिनिधि सभा में इस पर मतदान हो सकता है।
महाभियोग पर वोटिंग रोकने की हो सकती है कोशिश
थॉमस मैसी को आशंका है कि रिपब्लिकन पार्टी के नेता प्रक्रियागत प्रस्ताव लाकर महाभियोग पर सीधे मतदान से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि सदन में सभी आठ आरोपों पर चर्चा होनी चाहिए और सांसदों को अपना पक्ष रखने के साथ वोट देने का मौका मिलना चाहिए।
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, प्रतिनिधि सभा में प्रस्ताव को समर्थन मिलने की संभावना है। फिलहाल सदन में रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत है, जबकि 3 जनवरी से डेमोक्रेटिक पार्टी बहुमत संभालेगी। हालांकि, प्रस्ताव पारित होने का मतलब यह नहीं है कि हेगसेथ की कुर्सी तुरंत चली जाएगी। उन्हें पद से हटाने के लिए सीनेट में दो-तिहाई सदस्यों का समर्थन जरूरी होगा। 100 सदस्यीय सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के पास अभी 53 सीटें हैं।
ट्रंप ने किया हेगसेथ का बचाव, मैसी पर साधा निशाना
डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में हेगसेथ का बचाव करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अमेरिका ने ईरान और वेनेजुएला में दो बड़ी सैन्य जीत हासिल की हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे में रक्षा मंत्री के खिलाफ महाभियोग कैसे लाया जा सकता है। व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी ट्रंप ने कहा कि प्रस्ताव पारित होने पर भी वह हेगसेथ का समर्थन करेंगे। उन्होंने मैसी को ‘टोटल लूजर’ और ‘स्टोन-कोल्ड लूजर’ बताते हुए उनकी आलोचना की। ट्रंप ने यह भी कहा कि हेगसेथ के कार्यकाल में अमेरिकी सेना में भर्ती रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची है। उन्होंने कांग्रेस के सदस्यों से रक्षा मंत्री के समर्थन में खड़े होने की अपील की।
150 साल बाद दोहराया जा सकता है इतिहास
प्रतिनिधि सभा के स्पीकर माइक जॉनसन ने भी महाभियोग की कोशिश का विरोध किया है। उनका कहना है कि विदेशों में सैन्य संघर्ष के बीच ऐसी कार्रवाई से अमेरिका के सहयोगियों और विरोधियों के बीच गलत संदेश जाएगा। अमेरिकी इतिहास में किसी सैन्य विभाग के नागरिक प्रमुख के खिलाफ महाभियोग बेहद दुर्लभ है। 1876 में तत्कालीन युद्ध मंत्री विलियम बेल्कनैप ऐसे पहले और अब तक के एकमात्र अधिकारी थे, जिन्हें कांग्रेस में महाभियोग का सामना करना पड़ा था। हेगसेथ भी खुद को ‘सेक्रेटरी ऑफ वॉर’ यानी युद्ध मंत्री कहलाना पसंद करते हैं। ऐसे में प्रस्ताव पारित होने पर उनका नाम भी अमेरिकी इतिहास की इस दुर्लभ घटना से जुड़ जाएगा।












