नई दिल्ली: आजकल अनजान नंबर से कॉल आते ही लोग फोन काट देते हैं, लेकिन चीन की एक यूनिवर्सिटी ने इसी डर को छात्रों के आत्मविश्वास की क्लास बना दिया है। यहां छात्रों को असाइनमेंट के तौर पर किसी बिल्कुल अनजान व्यक्ति को फोन कर उसका इंटरव्यू लेना होता है। जियांग्सू प्रांत की नानजिंग यूनिवर्सिटी में ‘ओरल एक्सप्रेशन’ नाम से एक खास कोर्स चलता है। इसकी शुरुआत 2015 में पूर्व टीवी प्रोड्यूसर-डायरेक्टर शू काई ने की थी।
उन्होंने देखा कि पढ़ाई में तेज कई छात्र भी नए लोगों से बात करने में हिचकते हैं। इसी झिझक को तोड़ने के लिए उन्होंने यह प्रैक्टिकल कोर्स तैयार किया, जो अब यूनिवर्सिटी का सबसे पॉपुलर कोर्स बन चुका है।
30 कॉल में से 5 ने उठाया फोन
इस कोर्स का सबसे मुश्किल टास्क है अनजान शख्स को कॉल करना। छात्रों को बिना परिवार-दोस्तों की मदद के खुद किसी अजनबी को मनाना होता है और उससे सवाल-जवाब करने होते हैं। असली चुनौती तब आती है जब सामने वाला कॉल ही न उठाए या ठग समझकर काट दे। एक छात्र होंग यिमिंग ने बताया कि उसने 30 से ज्यादा नंबरों पर कॉल की, सिर्फ 5 लोगों ने फोन उठाया। तीन ने तुरंत काट दिया, एक ने फ्रॉड समझ लिया। आखिर में एक IT प्रोफेशनल बात करने को राजी हुआ और करियर प्लान, नानजिंग में घूमने की जगहों और अपनी दो बिल्लियों तक के बारे में बताया। छात्र के लिए यह मुश्किल टास्क यादगार अनुभव बन गया।
कई छात्रों को यह टास्क इतना कठिन लगा कि उन्होंने कोर्स ही छोड़ दिया, लेकिन जिन्होंने पूरा किया, उन्होंने इसे बंद न करने की अपील की। उनका कहना है कि इससे झिझक दूर होती है और खुद को बेहतर समझने में मदद मिलती है।
सिर्फ बोलना नहीं, सुनना भी सीखाते हैं
प्रोफेसर शू काई कहते हैं कि अच्छी बातचीत का मतलब सिर्फ बोलना नहीं, बल्कि सुनना, सामने वाले की स्थिति समझना और उसके समय का सम्मान करना भी है। इस क्लास में शब्दों के साथ-साथ बॉडी लैंग्वेज, आई-कॉन्टैक्ट, चेहरे के हाव-भाव और हाथों के इशारों पर भी फोकस किया जाता है। आज की मैसेज और सोशल मीडिया वाली पीढ़ी के लिए यह क्लास बेहद जरूरी है। नौकरी के इंटरव्यू से लेकर ऑफिस में तालमेल बिठाने तक, यह असाइनमेंट छात्रों को असल जिंदगी के लिए तैयार करता है।












